शाहजहांपुर। तेज धूप और उमस ने मंगलवार को लोगों को परेशान कर दिया। दोपहर में गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधकर बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। शाम तक उमस का असर बना रहा। वायुदाब मामूली गिरा हुआ है। इसके असर से बुधवार को ऊंचाई पर बादल रहेंगे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम विभाग के डॉ. मनमोहन सिंह के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा था। न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। अधिकतम तापमान तीसरे दिन 40 डिग्री पर टिका रहे।
न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। उन्होंने बताया कि न्यूनतम तापमान के गिरने और अधिकतम तापमान के स्थिर रहने से अगले तीन या चार दिन में मौसम बदल सकता है। आर्द्रता 32 फीसदी है। इससे वातावरण में नमी कम हुई है। वायुदाब तीन मिलीबार गिरा हुआ है। बुधवार को तापमान में वृद्धि और उमस का प्रभाव बढ़ेगा। लू चलने की भी संभावना है।