शाहजहांपुर। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान की मासिक बैठक कोषागार के पेंशनर्स कक्ष में हुई। बैठक में चिकित्सा प्रतिपूर्ति के समयबद्ध भुगतान पर विशेष जोर दिया गया, क्योंकि कई पेंशनर्स के बिल लंबे समय से लंबित हैं। संस्थान ने सरकार से पेंशनर्स से जुड़ी विभिन्न मांगों को तत्काल पूरा करने की अपील की।
बैठक की अध्यक्षता विजय शंकर पांडेय ने की और संचालन जिला महामंत्री सत्य प्रकाश तिवारी ने किया। पेंशनर्स ने संतोष कुमार दीक्षित का उदाहरण प्रस्तुत किया, जिनके हृदय की शल्य चिकित्सा के बिल डेढ़ साल से एडीएम कार्यालय में लंबित हैं। ये बिल तीन चिकित्सकों के पैनल की स्वीकृति के बाद भी भुगतान के इंतजार में हैं।
संस्थान प्रतिनिधियों ने कहा कि कई विभागों के पेंशनर्स के बिल भी सालों से पड़े हुए हैं, जिनका तत्काल भुगतान कराया जाए। इसके अतिरिक्त, पेंशनर्स ने 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर क्रमशः पांच, दस और पंद्रह फीसदी अतिरिक्त पेंशन की मांग की। कोविडकाल के 18 माह की रोकी गई महंगाई राहत का भुगतान भी प्रमुख मांगों में शामिल था।
पेंशनर्स ने परिवहन और नगर निगम बसों के किराये में छूट की भी मांग की। गन्ना शोध परिषद के पेंशनर्स को पूर्व की भांति पूर्ण पेंशन देने की अपील की गई। बैठक में पवन सिंह ने पेंशनर्स को योग के माध्यम से अपनी दिनचर्या और खान-पान को सही रखने पर बल दिया।
बैठक में राजेश चंद्र शुक्ला, रवि शर्मा, चंद्र प्रकाश मिश्रा, मालती देवी, विजय लक्ष्मी दीक्षित और मुन्ना लाल शर्मा सहित कई पेंशनर्स ने सहभागिता की। संवाद