लखनऊ से आए परियोजना निदेशक की टीम ने तहसील क्षेत्र के कई गांव में स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां पाए जाने पर संबंधित की फटकार लगाते हुए सुधार लाए जाने के निर्देश दिए। टीम ने स्कूलों में खरीदी गई विज्ञान किट का भी अवलोकन किया। कुछ स्थानों पर किट न मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
लखनऊ से आईं बेसिक शिक्षा विभाग के परियोजना निदेशक शिखा शुक्ला, वित्त विभाग के संजीव मेहरोत्रा व बरेली मंडल की एडी बेसिक शशि देवी शर्मा ने सबसे पहले गांव कपसेडा के जूनियर हाई स्कूल का सुबह 8:15 बजे निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्कूल बंद पाया। इसके बाद टीम गांव बिलहरी में पहुंची यहां पर सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या कम होने पर नाराजगी जताई। यहां के बाद टीम ने नगर क्षेत्र के स्कूल चेक किए जूनियर हाईस्कूल बिरयागंज और तहसील गेट के सामने पूर्व माध्यमिक विद्यालय में टीम ने बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता का अवलोकन किया।
तिलहर नगर गांव के स्कूल चेक करने के बाद टीम ने जैतीपुर ब्लॉक के स्कूलों को चेक किया। यहां पर गांव बकैनिया के उच्च प्राथमिक स्कूल में एडी बेसिक शशि देवी शर्मा ने विज्ञान किट के बारे में जानकारी ली तो वहां किट नहीं प्राप्त हुई इस पर एडी बेसिक ने खासी नाराजगी जताई । टीम ने गांव मिलकिया के स्कूल को भी चेक किया यहां पर एक शिक्षिका अवकाश पर पाई गई। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय मीरानपुर कटरा के बालक व बालिका स्कूल का भी निरीक्षण किया। टीम ने तिलहर तहसील के कई स्कूलों में औचक निरीक्षण करते हुए स्कूलों में पाई जाने वाली खामियों में तत्काल सुधार लाए जाने के निर्देश संबंधित को दिए । इस दौरान कई स्कूलों में विज्ञान किट ना पाए जाने पर टीम ने नाराजगी जाहिर करते हुए तत्काल विज्ञान किट लाए जाने के निर्देश दिए । कहा की कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी टीम के निरीक्षण अभियान के दौरान तहसील क्षेत्र के स्कूलों में हड़कंप मचा रहा।