कृष्णानगर स्थित फायर यूनिट पर कार्यक्रम में बोलते एसपी सिटी देवेंद्र कुमार। स्रोत: दमकल यूनिट
शाहजहांपुर। अग्निशमन सेवा सप्ताह की मंगलवार से शुरुआत हो गई। कृष्णानगर स्थित फायर यूनिट में हुए कार्यक्रम में 14 अप्रैल 1944 को मालवाहक समुद्री जहाज में भयंकर विस्फोट में शहीद हुए 66 पुलिसकर्मियों को नमन किया गया। इसके बाद आग से बचाव के लिए जागरूक करने के लिए दमकल यूनिट की गाड़ियां रवाना की गईं।
मंगलवार सुबह हुए शोक परेड स्थल पर प्रतीकात्मक शहीदस्थल पर एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने श्रद्धांजलि दी। इस बीच शहीद दमकल कर्मियों को याद करते हुए दो मिनट का मौन धारण किया। एसपी सिटी के मुख्य अग्निशमन अधिकारी धीरेंद्र सिंह यादव व एफएसओ डॉ. बीएन ने पिन फ्लैग लगाए। फिर अग्निशमन वाहनों की रैली को हरी झंडी दिखाकर निर्धारित रूट पर रवाना किया।
रैली में केरूगंज, चौक कोतवाली से घंटाघर से बहादुरगंज होते हुए सदर बाजार व खिरनीबाग चौराहों से होते हुए कृष्णानगर में समाप्त हुई। इस दौरान अग्नि से सुरक्षा संबंधी प्रचार प्रसार करते हुए पंफलेट वितरित किए गए। संवाद
जागरूकता रैली निकालकर अग्निकांड से बचाव के लिए किया सचेत
जलालाबाद। ठिंगरी गांव में स्थित अग्निशमन केंद्र पर अग्निशमन सप्ताह के तहत मंगलवार को शहीद दिवस मनाया गया। इस मौके पर दमकल कर्मचारियों ने जन सामान्य को अग्निकांड में बरती जाने वाली सावधानियों से सचेत करने को जागरूकता रैली भी निकाली। अग्निशमन अधिकारी श्याम मनोहर पांडेय भी मौजूद रहे। संवाद