राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में उमड़ी मरीजों की भीड़। संवाद
शाहजहांपुर। तेज गर्मी, उमस से लोग बीमार हो रहे हैं। पेट दर्द, उल्टी-दस्त के साथ बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों की संख्या डेढ़ गुनी हो गई है। डाॅक्टर दवा देने के साथ मरीजों को बचाव के लिए जागरूक कर रहे हैं।
रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। ओपीडी के साथ ट्राॅमा सेंटर में भी मरीजों की काफी भीड़ रही। पेट दर्द व उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या अधिक रही। इसके अलावा बुखार व मलेरिया के मरीज भी पहुंचे।
पेट दर्द और डायरिया के 50-60 मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं। सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 1898 लोगों के पर्चें बने। शनिवार को 1107, बृहस्पतिवार को 1631, बुधवार को 1487, मंगलवार को 1607 और सोमवार को 1581 पर्चें बने।
डॉ. अनुराग पराशर ने बताया कि बारिश के मौसम में संक्रमण बढ़ जाता है। ऐसे में खानपान व साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। ताजे भोजन का सेवन करें। शुद्ध पानी पियें। मच्छरों से बचाव करें। छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें। बारिश में ज्यादा भीगने से बचें। गीले कपड़े पहनने से स्किन इंफेक्शन की आशंका रहती है।
बदलते मौसम में सावधानी अधिक रखनी जरूरी है। बीपी, शुगर और सांस के रोगी सतर्कता बरतें। संक्रमण और उल्टी-दस्त के रोगी पानी उबालकर पीयें।