शाहजहांपुर। बारिश के बाद जिले की सड़कों पर बढ़े गड्ढों से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। प्रांतीय खंड और निर्माण खंड की कार्ययोजना के तहत करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से 259 सड़कों पर पैचिंग कराई जाएगी। इन सड़कों की कुल लंबाई करीब 581 किलोमीटर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के त्योहारों से पहले सड़कों को दुरुस्त कराने के निर्देश के बाद लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त सड़कों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। बारिश से पहले भी जिले की कई सड़कें खराब थीं। गहरे गड्ढों वाले स्थानों पर विभाग ने पैचिंग कराई थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें दोबारा क्षतिग्रस्त हो गईं।
गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर हादसे भी हो चुके हैं। शहर की कई सड़कों की हालत भी बारिश के बाद खराब हो गई है। नगर निगम ने कुछ स्थानों पर मोरंग और पत्थर डालकर गड्ढे भरवाए थे, लेकिन बारिश के बाद फिर स्थिति खराब हो गई। राज्य सेक्टर योजना के तहत शहर में 46 डामर और 61 सीसी सड़कों का निर्माण होना है। योजना के तहत पहली किस्त के रूप में 75 करोड़ रुपये मिल चुके हैं।
नियामतपुर मोड़ से हरदोई बाइपास तक सड़क बदहाल
नियामतपुर मोड़ से पुवायां रोड होते हुए कचहरी ओवरब्रिज और हरदोई रोड तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। एनएचएआई की ओर से सड़क की मरम्मत के लिए करीब 24 करोड़ रुपये पीडब्ल्यूडी को दो माह पहले दिए जा चुके हैं। हालांकि नियामतपुर के पास गड्ढों को भरवाने का काम किया गया है। इसके बावजूद अब तक पूरी मरम्मत नहीं हुई है। अधिकारियों के मुताबिक बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद कार्य कराया जाएगा।
त्योहारों से पहले पूरा होगा काम
पीडब्ल्यूडी ने अक्तूबर में शुरू होने वाले त्योहारों को देखते हुए पैचिंग कार्य जल्द पूरा कराने का लक्ष्य रखा है। पहले उन सड़कों पर काम कराया जाएगा, जहां रामलीला समेत अन्य बड़े आयोजन होते हैं। इसके बाद अन्य प्रमुख सड़कों की पैचिंग कराई जाएगी।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को चिह्नित कर लिया गया है। जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर पैचिंग का कार्य शुरू कराया जाएगा। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की मुख्य सड़कों पर प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जाएगा।
-महेंद्र पाल, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग
कचहरी ओवरब्रिज के पास रोडवेज की ओर जाने वाली सड़क पर गड्ढे। संवाद