परिवहन निगम की उदासीनता के चलते ब्लाक मुख्यालयों पर बस स्टैंड नहीं होने से यात्रियों को खुले आसमान के नीचे बस के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। यही हालत क्षेत्र में प्राइवेट वाहनों के अड्डों की भी है। यहां भी टिन शेड आदि की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे यात्री इस सड़क पर खड़े होकर वाहनों का इंतजार करते हैं। जहां पर प्राइवेट वाहनों के अड्डे बने हैं वहां पर पेयजल की व्यवस्था भी नहीं है। कहीं पर हैंडपंप हैं ही नहीं, तो कहीं पर हैंडपंप दूषित पानी दे रहे हैं। इससे यात्रियों को अपनी जेब ढीली करके पानी की बोतल खरीदनी पड़ रही है। ऐसा भी नहीं कि इन समस्याओं पर जनता ने मांग न की हो, लेकिन विभागीय अनदेखी के कारण इस ओर ध्यान देने का प्रयास नहीं किया जाता है।
पुवायां में बंडा की बसों का अपना स्टैंड
शाहजहांपुर से खुटार, मैलानी, पलिया, पूरनपुर जाने वाली बसें पुवायां बस अड्डे पर पहुंचती है, लेकिन बंडा जाने वाली रोडवेज की बसों ने अपना अलग स्टैंड बना रखा है। बंडा रोड पर जहां प्राइवेट वाहन सवारियों को बैठाते हैं, वहीं पर रोडवेज की बसें जाकर रुक जाती हैं। वहां से सवारियां बैठाने के बाद सीधे बंडा चली जाती है। बंडा से लौटने के बाद बस अड्डे पहुंचकर शाहजहांपुर जाती हैं। रोडवेज और प्राइवेट वाहनों से बंडा जाने वाले यात्रियों को धूप में खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है। वहां पर किसी ने बैठने तक के लिए कोई व्यवस्था नहीं है।
खुटार में टिन शेड पर अवैध कब्जा
खुटार कस्बे में बस स्टैंड के लिए विभाग की ओर से वर्षों पूर्व थाने के पास टिनशेड डाला गया था, लेकिन वहां पर बसें आज तक नहीं रुकीं, जिस कारण पास में रहने वाले कुछ लोगों ने टिन शेड पर कब्जा कर लिया है। खुटार में बसों के स्टापेज के लिए तिकुनियां और बंडा चौराहा है। दोनों स्थानों पर बस स्टैंड का निर्माण तो दूर सिर पर छाया के लिए एक टीनशेड और बैठने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। जिससे लोगों को धूप में खड़े होकर बसों की इंतजार करना पड़ता है।
बंडा में एंगिल लगे टिन गायब
बंडा में चौराहे के पास ही पुवायां मार्ग पर वर्षों पूर्व एक टिनशेड डलवाकर बस स्टैंड बनाया गया था। इस समय वहां पर टिन गायब हो चुकी है और सिर्फ एंगिल बस स्टैंड होने की पुष्टि कर रहे हैं। जहां पर टिनशेड डाला गया था वहीं पर अब डग्गामार वाहन सवारियां भरते हैं। शेड के आसपास कीचड़ अधिक होने के कारण रोडवेज के चालक कुछ दूरी पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर बस खड़ी कर सवारियां भरते हैं। लोगों ने कई बार बस स्टैंड की मांग की, लेकिन किसी ने इस समस्या की ओर ध्यान देने की जरूरत नहीं समझी।
मैंने अभी तीन दिन पूर्व ही शाहजहांपुर डिपो का चार्ज लिया है। अभी मुझे बस अड्डों की स्थिति की जानकारी नहीं है। अगर अड्डों की हालत खराब है तो व्यवस्था सही कराई जाएगी।
- आरके वर्मा, एआरएम परिवहन निगम शाहजहांपुर