शाहजहांपुर। लखीमपुर खीरी जिले के थाना मैलानी क्षेत्र के गोवर्धनपुर गांव निवासी विशाल गौतम का बैग बस स्टैंड के पास से चोरी हो गया। वह देहरादून जा रहे थे और बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये थे। उन्होंने थाना सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विशाल ने बताया कि 20 जून को वह उत्तराखंड के देहरादून जाने के लिए घर से शाहजहांपुर आए थे। उनके बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये थे। वह एटीएम के जरिये रुपये बैंक में जमा करने वाले थे लेकिन बाद में उन्होंने देहरादून पहुंचकर रुपये जमा करने के लिए सोचा।
उन्होंने बताया कि शाम करीब सात बजे बस के इंतजार करते हुए एक जगह पर बैठ गया और उन्हें नींद आ गई। अचानक आंख खुली तो देखा उनका बैग नदारद था। उन्होंने बताया कि घटना से पूर्व करीब एक घंटे से एक लड़का उनके आसपास घूम रहा था। उन्हें शक है कि उसी लड़के ने उनका बैग चोरी किया है। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।