शाहजहांपुर। सीतापुर जिले के थाना मिश्रिख क्षेत्र के बकैन गांव निवासी राकेश कुमार (62) की राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार शाम को ट्रेन में बोगी बदलते समय फिसलकर गिरने से उनके दोनों पैर कट गए थे। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया है।
राकेश कुमार बुधवार की शाम छह बजे रोजा रेलवे स्टेशन पर कानपुर जम्मूतवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर घायल हो गए थे। वह हरदोई रेलवे स्टेशन से लुधियाना जा रहे थे। हरदोई रेलवे स्टेशन पर भीड़ अधिक होने के कारण स्लीपर डिब्बे में घुस गए थे। रोजा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का स्टॉपेज नहीं है, लेकिन किसी कारण रुकी ट्रेन से डिब्बा बदलने के लिए उतरे थे।
इस बीच चलती ट्रेन पर चढ़ते समय राकेश कुमार का पैर फिसल गया। वह प्लेटफार्म और रेल पटरी के बीच आ गए। इससे उनकी दोनों टांगें कट गईं थीं। राजकीय रेलवे पुलिस ने घायल यात्री को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। सीओ जीआरपी हरिकेश यादव ने बताया कि देर रात यात्री राकेश कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई है।