शाहजहांपुर। सहालग में ट्रेनों और बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। ट्रेनों में अधिकतर सीटें भरीं हैं, साथ ही आने वाले दिनों में भी लंबी वेटिंग चल रही है। रोडवेज की बसों में भी यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है।
परिवहन निगम के बेड़े से 251 बसों का संचालन होता है। दस नवंबर के बाद से बसाें में यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। बरेली, फर्रुखाबाद, लखनऊ, पुवायां, मैलानी समेत कई रूटों की बसें भरकर चल रही हैं। बसों का चार लाख रुपये का राजस्व भी बढ़ गया है। हालांकि, अभी लक्ष्य से चार लाख रुपये कम हैं। इसी तरह अप और डाउन लाइन की ट्रेनों में भी काफी भीड़ है। रेल अफसरों के अनुसार, स्लीपर बाेगियों में आरक्षण करने वालों की संख्या बढ़ गई है। सहालग के चलते भीड़ चल रही है।
ई-बस का संचालन टेढ़ी पुलिया तक शुरू
बरेली मोड़ से रोजा से होते हुए बरतारा तक जाने वाली ई-बस का संचालन टेढी पुलिया तक कराने की मांग की गई थी। विनोबा सेवा आश्रम के संस्थापक रमेश भैया ने बताया कि बस का संचालन शुरू कर दिया गया है।