शाहजहांपुर। लखनऊ मेल सहित चार ट्रेनों में यात्रियों की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उपचार किया। इसकी वजह से रेलवे के डॉक्टरों को रातभर प्लेटफॉर्म के चक्कर लगाने पड़े। इससे ट्रेनें भी पांच से दस मिनट विलंब से चलीं।
रविवार रात 2:30 बजे 04512 नौचंदी एक्सप्रेस में यात्री की हालत बिगड़ने पर कंट्रोल ने ट्रेन को रोजा में रोकने का आदेश दिया। रोजा रेलवे स्टेशन पर डॉ. संजय राय, अनिल कुमार ने पहुंचकर यात्री को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद ट्रेन रवाना हुई। अभी डॉक्टर रेलवे प्लेटफॉर्म से अस्पताल पहुंचे ही थे, तभी कंट्रोल से मेसेज आ गया कि लखनऊ मेल 02230 के कोच नंबर एस-5 के बर्थ नंबर 32 पर यात्री बबीता के बच्चे को तेज बुखार होने के कारण परेशानी हो रही है। कंट्रोल के आदेश पर सोमवार को सुबह चार बजे ट्रेन को रोजा रेलवे स्टेशन पर रोका गया और बच्चे को प्राथमिक उपचार देने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इस बीच लखनऊ मेल करीब 10 मिनट खड़ी रही। इसके बाद डॉक्टर रेलवे स्टेशन से वापस जा ही रहे थे कि फिर कॉल आ गई कि संगम एक्सप्रेस में यात्री की तबीयत खराब है। कंट्रोल के आदेश पर 04029 इलाहाबाद हरिद्वार संगम एक्सप्रेस को रोजा में रोका गया और यात्री को उपचार दिया गया। ट्रेन के कोच नंबर एस-9 बर्थ संख्या सात यात्री मोहम्मद नासिर के पेट में दर्द की शिकायत थी। इसके बाद 05531 सहरसा अमृतसर कोच नंबर डी-6 बर्थ नंबर 12 पर यात्रा कर रहीं रीना कुमारी के पेट में तेज दर्द होने पर रोजा में प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन रोककर प्राथमिक उपचार दिया गया।