मीरानपुर कटरा। सालपुर नवदिया गांव के राममुरारी पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप में पहले दिन खिलाड़ियों ने शह और मात के खेल में अपनी प्रतिभा दिखाई। राष्ट्रीय स्तर की शतरंज चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल समेत लगभग दस राज्यों के प्रतिभागी शामिल हुए हैं। नेपाल के खिलाड़ी भी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
बुधवार को पहले दिन पांच चरणों में मुकाबले खेले गए। चार-चार अंक लेकर दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय मास्टर आर्यन वार्ष्णेय, पंजाब के रामप्रकाश, बिहार के यश केसरी, नेपाल के टिकेंद्रराज पाठक, कानपुर के रिषभ निषाद, बरेली के अविनाश शर्मा प्रथम स्थान पर बढ़त बनाए हुए हैं।
तीन-तीन अंक लेकर लखीमपुर के विजय सिंह मौर्य, यूनिस मोहसिन, स्पर्श कुमार, राज जोशी, अंश गुप्ता, इलाहाबाद के मोहम्मद हसनैन, दिल्ली के राहुल सूरी, बंगाल के अनुज गंगवार एवं सौम्या दास दूसरे स्थान पर बढ़त बनाए हुए हैं। वाणी अग्रवाल, हृदय अग्रवाल, गार्गी अग्रवाल ढाई अंक लेकर तृतीय स्थान पर चल रहे हैं।
प्रतियोगिता नेशनल आर्बिटर हेमंत शर्मा की निगरानी में बृहस्पतिवार को शेष चार राउंड खेले जाएंगे। विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इससे पूर्व सीओ तिलहर ज्योति यादव, डॉ. अशोक अग्रवाल, डॉ. किरन अग्रवाल, प्रधानाचार्य डॉ. लवलेश दत्त ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। व्यवस्था में अविनाश शर्मा, रजत शर्मा, अनुराग शर्मा, सईद बेग आदि का योगदान रहा।