शाहजहांपुर। नगर निगम ने लाखों रुपये खर्चकर मुख्य बाजारों में दुकान के बाहर रेलिंग लगाई। इसके बाद भी दुकानों के बाहर वाहन खड़े होना बंद नहीं हुए हैं। वाहनों से सड़क घिरी होने के चलते त्योहारी सीजन में मुख्य मार्गों पर लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। यातायात पुलिस इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
कचहरी रोड पर कलक्ट्रेट के सामने सड़क के सामने दोनों तरफ बड़ी संख्या में दो पहिया वाहन खड़े रहते हैं, जबकि सड़क से दिन भर अधिकारी निकलते हैं। यहां पर हमेशा जाम की समस्या बनी रहती है। सोमवार दोपहर में यहां पर फिर जाम लग गया। मरीज को ले जा रही एक एबुलेंस जाम में फंस गई।
काफी देर तक जाम की समस्या बनी रही। एक होमगार्ड ने काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को निकलवाया। पंखी चौराहा से लेकर बहादुरगंज होते हुए घंटाघर तक सड़क पर तीन और चार पहिया वाहनों को घुसने की इजाजत नहीं है। इसके बाद भी यहां पर ई-रिक्शा घुस जाते हैं। दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर दो पहिया वाहन खड़े रहते हैं।
इसकी वजह से बाजार में जाम की समस्या से लोग जूझते रहते हैं। घंटाघर रोड पर मशीनरी मार्केट में बैंक के पास काफी संख्या वाहन में खड़े हुए दिखाई दिए। इसकी वजह से राहगीरों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा।
लोग पार्किंग में नही खड़ा करते वाहन
नगर निगम की ओर से कचहरी ओवरब्रिज के नीचे पार्किंग बनाई गई है। यहां पर तीन-चार कारें खड़ी दिखाई दीं, एक भी दो पहिया वाहन नहीं मिला। यही हाल जेल के पीछे बनी पार्किंग का दिखाई दिया। यहां पर दो पहिया वाहन खड़े करने की व्यवस्था है। यहां पर यातायात पुलिस भी तैनात है। इसके बाद भी लोग बाजार में वाहन खड़े करते हैं। इसकी वजह से जाम की समस्या बनी रहती है।
सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक में डीएम ने निर्देश दिए थे कि कचहरी रोड पर खड़े होने वाले दो पहिया वाहनों के लिए बीएसए कार्यालय के पास जर्जर भवन में पार्किंग बनाई जाएगी। व्यापारियों से बात की जाएगी कि वे वाहनों को दुकानों के बाहर न खड़े होने दे। जिससे जाम की समस्या उत्पन्न न हो। यातायात पुलिस को भी सक्रिय किया जाएगा।
- संजय कुमार, सीओ यातायात
कलेक्ट्रेट गेट के सामने बेतरतीव खड़ी बाइकों के कारण लगी जाम में फंसी एंबुलेंस। संवाद
कलेक्ट्रेट गेट के सामने बेतरतीव खड़ी बाइकों के कारण लगी जाम में फंसी एंबुलेंस। संवाद