शाहजहांपुर के खुटार कस्बे में मैलानी रोड के ओवरब्रिज के नीचे एक लावारिस ट्रॉली बैग मिलने से खलबली मच गई। सूचना पर बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर ट्रॉली बैग को खोला तो उसमें कपड़े रखे मिले। बैग नेपाल के जनपद कैलाली के किसी व्यक्ति का है।
ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग दुकानें लगाते हैं। मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे लोग दुकान लगाने पहुंचे तो पुल के नीचे आसमानी कलर का एक ट्राली बैग रखा मिला। लगभग एक घंटे तक इंतजार के बाद भी कोई बैग लेने नहीं पहुंचा तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से ट्राली बैग के बारे में जानकारी ली, लेकिन कोई भी बैग के बारे में जानकारी नहीं दे सका।
पुलिस ने लोगों को बैग से दूर हटा दिया और अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद जिला मुख्यालय से पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने बैग को खोला तो उसमें कपड़े मिलने पर चैन की सांस ली। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि ट्रॉली बैग में कपड़े मिले हैं। कोई यात्री बैग भूल गया था। बैग नेपाल के कैलाली निवासी किसी व्यक्ति का बताया जा रहा है।