कोटा चयन को लेकर दो पक्षाें में भिड़ंत, हाईवे जाम
कोटे के चयन को लेकर सोमवार को दो पक्षाें में हुई भिड़ंत के बाद एक पक्ष ने हाईवे जाम कर दिया। इससे वाहनाें की कतारें लग गईं। उधर दूसरे पक्ष ने फायरिंग का आरोप लगाया है। ग्राम पंचायत गुर्गिया बहादुरपुर में राशन के कोटे की दुकान संचालित है। पंचायत चुनाव के बाद 16 जून कोटे के चयन के लिए निर्धारित था, जो कि कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित कर दी गई। सेक्रेटरी ने बगैर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियाें को सूचना दिए सोमवार को चयन के लिए निर्धारित कर दी। जब गुर्गिया स्कूल में ब्लाक से कोई कर्मचारी कोटा चयन के लिए नहीं पहुंचा तो गांव ढकिया शोभा व गुर्गिया बहादुरपुर के ग्रामीण अपने अपने घर वापस जाने लगे। इसी बीच गुर्गिया वालाें को पता चला कि एक युवक ढकिया वालाें की कोटा चयन के लिए सहमति की वीडियो बना रहा है। इस पर गुर्गिया के ग्रामीणाें ने युवक को कैमरे सहित बंधक बना लिया। कोटे चयन में दांव पेंच के चलते दोनाें पक्षाें में हुई भिड़ंत के बाद युवक को छुड़ाने व पुलिस को सौंपने को लेकर खींचतान हुई। इसके बाद वीडियो बना रहे युवक को कुछ लोग छुड़ा ले गये। इसके बाद गुर्गिया के लोगाें ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग का आरोप लगाते हुए हाईवे जाम कर दिया। दोनाें पक्ष एक दूसरे पर दबंगई व फायरिंग करने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने सूचना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जाम खुलवा दिया। उधर, जहां गांव गुर्गिया के सैकड़ाें ग्रामीणाें ने कोतवाली पर प्रदर्शन करते हुए गांव ढकिया के कुछ लोगाें के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, गांव ढकिया के लोगाें ने एसपी से मिलकर संजू नाम के युवक को बंधक बनाने, मोबाइल व रुपये छीनने तथा फायरिंग करने का आरोप लगाया है।
- हाईवे पर जाम तथा झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल वहां पहुंच गई। कोटे के चयन के संबंध में 20 जून की मीटिंग की उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई थी। उक्त प्रकरण में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-डीसी शर्मा, कोतवाल, तिलहर