मीरानपुर कटरा में हाईवे से अतिक्रमण हटवाती एनएचएआई की टीम। संवाद
मीरानपुर कटरा। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम ने पुलिस के साथ हाईवे के किनारे रखे पान-गुटखा के खोखे, फलों के ठेले और टिनशेड डालकर शुरू किए गए चाय के स्टॉलों को हटा दिया। इसके साथ ही हाईवे के किनारे अवैध रूप से किए गए पक्के निर्माण हटाने के लिए वहां लाल निशान लगाए।
हाईवे के ओवरब्रिज चौराहा के पास सर्विस रोड के किनारे रोडवेज स्टेशन के गेट से लेकर नगर पंचायत के गेट पर पशु चिकित्सालय के सामने तक, जूनियर हाईस्कूल के सामने और हाईवे के किनारे सब्जी मंडी तक तमाम लोगों ने खोखे रख लिए थे। बाद में फलों के ठेले भी लगने लगे। मुर्गा बिरयानी, चाय के होटल, गन्ने के जूस सेंटर भी खोल लिए गए। इस बारे में नगर के कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत कर हाईवे को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।
इन्हीं शिकायतों का संज्ञान लेकर फरीदपुर टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम प्रभारी लोकेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ सभी खोखे, खोमचे और टिनशेड सख्ती से हटवा दिए। अतिक्रमण हटाने का काम सुबह दस बजे से शाम तक चला। इस दौरान कई खोखा दुकानदारों ने अवैध कब्जे हटाने में पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीब दुकानदारों को उजाड़ दिया गया, लेकिन पक्के अवैध निर्माण लाल निशान लगाकर छोड़ दिए गए हैं। हालांकि, पुलिस की सख्ती के आगे विरोध के स्वर दब गए।
इस संबंध में कंट्रोल रूम प्रभारी लोकेंद्र सिंह ने पक्षपात के आरोप को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि 50 अस्थायी अवैध कब्जा धारकों को हाईवे के किनारे से हटाया गया है। अगले चरण में पक्के अवैध निर्माण भी ढहाए जाएंगे। ऐसे कब्जे चिह्नित कर विभागीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।