रोजा से बट वेल्डिंग प्लांट तक ओएचई बनाने के लिए नपाई करते कर्मचारी। स्रोत: जागरूक पाठक
शाहजहांपुर। रोजा जंक्शन से बट वेल्डिंग प्लांट तक ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन को बनाया जाएगा। 850 मीटर तक बनने वाली लाइन बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इलेक्ट्रिक लाइन निर्माण होने के बाद आसानी से ट्रेन प्लांट तक पहुंच सकेगी।
जंक्शन की रेलवे कॉलोनी में कई वर्ष पहले भवनों को तोड़कर बट वेल्डिंग प्लांट का निर्माण कराया था। प्लांट में छोटे-छोटे रेलवे लाइन के टुकड़ों को जोड़कर एक बड़ी रेलवे लाइन बनाने का कार्य होता था। प्लांट में कुछ दिन काम चला, फिर छोटे रेल लाइन के टुकड़े मिलने बंद हो गए। इससे बट वेल्डिंग प्लांट बंद हो गया था। तत्कालीन डीआरएम राजकुमार ने जंक्शन के निरीक्षण के दौरान प्लांट को बंद देखकर लोडिंग-अनलोडिंग के लिए प्रस्ताव रखा। इसके बाद सीनियर डीसीएम ऋचा शर्मा ने निरीक्षण कर संज्ञान लिया था। उसके बाद से प्लेटफाॅर्म बनाने का काम पूरा हो गया। अब रोजा जंक्शन से बट वेल्डिंग प्लांट तक ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन बिछाने का कार्य के लिए नाप-जोख शुरू हो गई। लाइन पर 70 मीटर की दूरी पर एक खंभा लगाया जाएगा।
-रोजा मेन लाइन से रोजा गुड्स की लाइन नंबर पांच व छह को जोड़ने वाली लाइन के ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन कार्य के लिए टेंडर प्रकिया पूर्ण हो चुकी है। अगले दो दिनों में कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इस कार्य के पूर्ण होने से रैक को लाने एवं ले जाने में इलेक्ट्रिक इंजन का प्रयोग होगा। इससे रेल कार्य में सहूलियत होगी।
आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम मुरादाबाद