शाहजहांपुर। सरकारी कार्यालयों के निरीक्षण के क्रम में डीएम को चिराग तले अंधेरे की स्थिति मिली। कलेक्ट्रेट के राजस्व रिकार्ड रूम में उन्हें बाहरी लोग घुसे मिले तो अग्निशमन व्यवस्था भी बदतर मिली। डीएम ने इन बिंदुओं पर नाराजगी जताकर कार्रवाई का निर्देश दिया।
डीएम उमेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को पहले शस्त्र अनुभाग कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां अलमारियों पर रखे रिकार्ड का विवरण चस्पा करने के निर्देश दिए। कार्यालय में डीएम ने शस्त्र लाइसेंस संबंधी कार्यों से आए लोगों से बात कर उनके कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने पटल सहायक को शस्त्र लाइसेंस संबंधित कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। शस्त्र धारकों के लिए यूआईएन पोर्टल अभी खुले नही होने की जानकारी मिली तो डीएम ने यूआईएन पंजीकरण कराने वालों का नाम, पता व मोबाइल नंबर आदि विवरण रजिस्टर में दर्ज कराने और पोर्टल खुलने पर उन्हें सूचित करने के निर्देश दिए।
राजस्व अभिलेखागार पहुंचे डीएम वहां अनाधिकृत लोगों को देखकर भड़क उठे। उन्होंने अभिलेखागार के प्रभारी को फटकार लगाई और उनका जवाबतलब करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि कोई बाहरी व्यक्ति यहां अनावश्यक नहीं दिखना चाहिए। उन्होंने अभिलेख प्राप्त करने के आवेदन करने वालों की सूची तैयार कर उन्हें क्रमवार अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। न्यायिक अभिलेखागार के निरीक्षण में अग्निशमन के प्रबंधों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिला आपूर्ति अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने सफाई व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित रूप से रखने, पुराना रिकार्ड हटाने और पुरानी अलमारियों की पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। अग्निशमन की जरूरी व्यवस्थाएं कर तीन दिन में आख्या देने के निर्देश दिए।