थाना क्षेत्र के खुटार-पूरनपुर मार्ग पर शनिवार तड़के तीन बजे लौहंगापुर जंगल में बजरी से लोड खड़े ट्रक में देहरादून की ओर से आ रही प्राइवेट डबल डेकर बस ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बस में सवार 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए और एक की मौके पर ही मौत हो गई। दो यात्रियों ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों के घर सूचना पहुंची तो कोहराम मच गया।
शनिवार सुबह तीन बजे देहरादून से एक निजी डबल डेकर बस सवारियों को लेकर लखीमपुर के पलिया कसबा जा रही थी। बस में लगभग 65 यात्री सवार थे। खुटार पूरनपुर मार्ग पर लौहंगापुर जंगल में बजरी लदा एक ट्रक रोड पर ही खड़ा था। चालक ने नजदीक आकर ट्रक को देख बस को रोकने का प्रयास किया लेकिन तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा होते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर जंगल में बने गुरुद्वारे से सेवादार मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इस बीच आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर आ पहुंचे और पुलिस ने लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू कराया।
यूपी-100 और थाने से पहुंच पुलिसकर्मियों ने घायलों को बस से निकाला और 108 सेवा की एंबुलेंस से खुटार के सरकारी अस्पताल भिजवाया। बस में सवार जनपद लखीमपुर खीरी के थाना सिंगाही के गांव बथुआ निवासी केदारनाथ के 30 वर्षीय पुत्र रामचरन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर घायल उत्तराखंड के जनपद ऊधमसिंह नगर के थाना रुद्रपुर के गांव गदरपुर निवासी गौतम कनौजिया और अफसार (30) पुत्र अबरार निवासी सराऊनी थाना बाबूगढ़, जिला हापुड़( बस चालक) ने जिला अस्पताल मेें दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि खीरी के थाना निघासन निवासी दीपू, जब्बार, जगीधर, गांव चंदेई निवासी बालकराम का 20 वर्षीय पुत्र बबलू, गांव राजपुर निवासी सोहनलाल का 25 वर्षीय पुत्र सरजू, थाना संपूर्णानगर के गांव खजुरिया निवासी कुंवर सिंह की पत्नी देवकी देवी, इस्लाम (38) पुत्र फखरूद्दीन निवासी गढ़मुक्तेश्वर, जिला हापुड़ गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायलों को डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार सात लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। करीब 20 यात्रियों को मामूली चोटें आई जो निजी अस्पताल में इलाज कराने के बाद दूसरे वाहनों से घर चले गए। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि अभी इस मामले में तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। ट्रक और बस को कब्जे में ले लिया गया है।