जलालाबाद (शाहजहांपुर)। लूट, तोड़फोड़, बलवा, धार्मिक उन्माद फैलाने जैसी गंभीर धाराओं में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किए जाने का पुलिस पर आरोप लगाते हुए पीड़ित बुजुर्ग ने सोमवार से तहसील परिसर में आमरण अनशन शुरू कर दिया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि पुलिस की शह पर खुलेआम घूम रहे आरोपी राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं, जिससे उसे व उसके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है।
नगर के मोहल्ला आजादनगर निवासी सुभाष त्रिवेदी ने बताया कि उसकी व उसके रिश्तेदार की याकूबपुर तिराहे पर दुकानें हैं। चार जून की रात करीब आठ बजे कस्बे के तीन युवकों ने पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद होने पर उसे व उसके रिश्तेदार व वहां मौजूद भतीजे को पीटकर लहूलुहान कर दिया था, साथ ही आरोपियों ने दुकान का सामान सड़क पर फेंक दिया और गुल्लक में रखी छह हजार से ज्यादा की नकदी लूटकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए 15 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पीड़ित के अनुसार नामजद अभियुक्तों में से एक ने कोर्ट में समर्पण कर दिया जबकि शेष आरोपियों में से किसी को भी पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया जबकि खुलेआम घूम रहे आरोपी उससे राजीनामा न करने पर देख लेने की धमकी दे रहे हैं। डर के चलते उसने झगड़े के बाद से दुकान नहीं खोली।