बंडा(शाहजहांपुर)। रविवार को पूजा करते समय पैर फिसलने से शारदा नहर में गिरी सानिया सिंह का शव मंगलवार को शारदा नहर से बरामद हो गया। शव मिलने से मृतका के मायके और ससुराल के लोगों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गौरतलब है कि गांव बरीबरा निवासी सुरेंद्रपाल सिंह उर्फ पालू की 19 वर्षीय पुत्री सानिया सिंह की शादी सात मई 19 को पीलीभीत जनपद के थाना दिउरिया के गांव रामनगर निवासी अरविंद सिंह के साथ हुई थी। वह रक्षाबंधन पर मायके आई थी। शनिवार को पति अरविंद उसे विदा कराने आया था। रविवार को सानिया पति के साथ गांव अख्तयारपुर धौकल की शारदा नहर के किनारे झाल वाले बाला जी बाबा के स्थान पर प्रसाद चढ़ाने आई थी। नहर के किनारे खड़े पीपल के पेड़ पर प्रसाद चढ़ाते समय अचानक सानिया का पैर फिसल गया था जिस कारण वह शारदा नहर में जा गिरी थी और पानी के तेज बहाव के साथ बह गई थी।
अरविंद की सूचना पर मायके के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची थी। रविवार और सोमवार को तलाश किए जाने के बाद भी सानिया का पता नहीं चल सका था। मंगलवार को सानिया का शव शारदा नहर में भांभी पुल में उतराता हुआ मिल गया। शव मिलने से पिता कुरेंद्रपाल सिंह, मां पिंकी देवी, भाई विशाल सिंह, बहन शिल्पी सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस बमुश्किल पोस्टमार्टम को भेज पाई शव
बंडा। शारदा नहर से शव बरामद हो जाने के बाद मृतका सानिया के मायके वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की बात कही तो मौके पर मौजूद परिवार के लोग और रिश्तेदारों में कुछ लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया, जबकि कुछ लोग पोस्टमार्टम कराने पर जोर देने लगे। दो गुट हो जाने पर काफी देर तक विवाद होता रहा। पुलिस से काफी देर तक बहस होती रही। एसआई प्रदीप कुमार ने थाने पर सूचना दी तो कार्यवाहक थाना प्रभारी संतोष सिंह फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।