जैतीपुर गौशाला में गायों की हालत देखते खंड विकास अधिकारी।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जैतीपुर। ब्लॉक मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर क्षेत्र की अमईपुर सड़ा स्थित अस्थायी गोशाला में गायों को सड़ा भूसा बिना हरा चारा और दाना के खिलाया जा रहा है। जिससे दिन प्रतिदिन गायों की शारीरिक क्षमता कमजोर होने से उनकी मौत हो रही थी। गोशाला में भूसा रखने और गोसेवकों को रहने के लिए कोई जगह भी नहीं है। जिसकी खबर बृहस्पतिवार को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद खंड विकास अधिकारी डॉ. विजय प्रताप यादव अमईखेड़ा स्थित गोशाला पहुंचे और संबंधितों को निर्देश किया। इसी बीच पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश व ग्राम सचिव मनीष कुमार मौके पर पहुंच गए। गोशाला में बीमार गाय को दो बोतल ड्रिप लगवाने के साथ ही दवा दी गई । गायों के लिए साफ सुथरा भूसा डाला गया और चारे में दाना भी मिलाया गया। गोसवेकों व ग्राम प्रधान को गायों के लिए प्रतिदिन अच्छा भूसा खिलाने और दाना मिलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम प्रधान से प्रतिदिन गोशाला में आकर गायों की स्थिति को देखकर रिपोर्ट देने को कहा गया है। खंड विकास अधिकारी डॉ. विजय प्रताप ने कहा कि गायों को भूसा और दाना व्यवस्था की गई है, जल्द ही हरा चारा उपलब्ध हो जाएगा। भूसा रखने के लिए एक बड़ा टीन शेड बनाने की व्यवस्था की जाएगी और गोसेवकों को ठहरने के लिए एक कमरा बनेगा।