शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री निराश्रित/बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना के तहत मंगलवार को ग्राम नौगवां मेें गोवंश सुपुर्दगी मेगा कैंप लगाया गया। इस अवसर पर डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने 18 निराश्रित गायें उन्हें पालने का आवेदन करने वाले गोपालकों की सुपुर्दगी में देने के साथ उन्हें गोपालक के प्रमाण पत्र भेंट किए।
डीएम ने गोपालकों की पहल को सराहते हुए कहा कि निराश्रित गोवंश पालने वाले ग्रामीणों को अधिकतम चार गायें और उनके पालन-पोषण पर व्यय को प्रतिमाह 3600 रुपये सरकार की तरफ से दिए जाएंगे। उन्होंने गाय, विशेषकर पंचगव्य की उपयोगिता बताते हुए कहा कि जहां गाय पाली जाती है, वहां संपन्नता बरसने लगती है। डीएम ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर जल्द कार्यशालाएं आयोजित करके गोपालकों को गाय के गोबर और गोमूत्र से विविध उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सीडीओ महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि गाय पालने पर सरकार से मिल रहे अनुदान का गोपालक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि चार गाय पालने वालों को 72000 रुपये लागत के टीनशेड सरकार देगी और एक टीनशेड में अधिकतम छह पशु रखने की व्यवस्था होगी। कैंप में एसपी डॉ. शिवा सिम्मी चन्नपपा, एसडीएम कलान रमेश बाबू, सीएमओ डॉ. आरपी रावत, डीडीओ सतीश मिश्रा आदि अधिकारी मौजूद रहे।