शाहजहांपुर। होली पर आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। राजकीय मेडिकल कॉलेज से लेकर सीएचसी-पीएचसी तक चिकित्सा सेवाओं को बेहतर रखा जाएगा। सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा ने एक पत्र जारी कर सभी को दिशा-निर्देश दिए हैं। खासतौर पर नेत्र व त्वचा रोग विशेषज्ञ ऑनकॉल ड्यूटी पर रहेंगे।
सीएमओ ने निर्देश जारी किए हैं कि केमिकल वाले रंगों के उपयोग से नेत्र व त्वचा से संबंधित समस्याएं उत्पन्न होती हैं। औषधियों की पर्याप्त उपलब्धता की जाए। त्वचा व नेत्र रोग विशेषज्ञाें की ऑन काॅल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सीतापुर नेत्र चिकित्सालय व वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज को व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कहा कि किसी दुर्घटना की स्थिति में जिला प्रशासन को अलर्ट करते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। जिला प्रशासन के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखा जाए। लापरवाही को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जुलूस के रूट पर तीन हॉट स्पॉट पर रहेंगी एंबुलेंस
होली को लेकर बड़े लाट साहब के जुलूस के रूट पर तीन हॉट स्पॉट छाया कुआं, पुराना जिला अस्पताल व राजघाट चौकी को चिह्नित किया गया है। यहां पर स्थायी रूप से एंबुलेंस व डॉक्टरों की टीम खड़ी रहेगी। साथ ही छोटे-बड़े लाट साहब के जुलूस के साथ भी एंबुलेंस रहेंगी। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज से लेकर सीएचसी-पीएचसी पर 24 घंटे चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे। सीएचसी-पीएचसी पर वार्ड भी आरक्षित कर दिए गए हैं। वहीं चिकित्सकों व कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई हैं।
आवश्यक औषधियों की व्यवस्था के दिए निर्देश
-होली को लेकर पूर्व से अलर्ट जारी है। होली पर मरीज के साथ किसी प्रकार की अनहोनी न हो व शराब के नशे में लड़ने-झगड़ने व सड़क दुर्घटना के मरीजों को लेकर तैयारियां कर दी गई हैं। साथ ही जांच लैब भी संचालित रहेगी। सभी आवश्यक औषधियां, पैरासीटामॉल, एंटी डायरियल ड्रग्स, एंटी इमेटिक ड्रग्स आदि के साथ एंटी बायोटिक मरहम, दर्द निवारक दवा, स्प्रे, बैंडेज, सि्प्लंट, आईवी फ्लूड्स, ओआरएस पैकेट की व्यवस्था कर ली गई है।
20 बेड का वार्ड किया गया आरक्षित
राजकीय मेडिकल कॉलेज में होली को देखते हुए हर साल की तरह इस साल भी बीस बेड का वार्ड आरक्षित कर दिया गया है। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गईं हैं। चिकित्सकों व कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगा दी गई है। नेत्र व त्वचा रोग विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है। जरूरत पड़ने पर चिकित्सक मौजूद रहेंगे। मरीजों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-