तिलहर। नगर की सीएचसी पर महिला चिकित्सक की नियुक्ति होने और आधुनिक मशीनों के आने के बाद सीजर ऑपरेशन की सुविधा शुरू हो गई है। ऑपरेशन की सुविधा से तहसील क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को आपात स्थिति में राजकीय मेडिकल कॉलेज नहीं आना पड़ेगा।
सीएचसी पर ऑपरेशन की सुविधा पहले से है, लेकिन मशीनों आदि के नहीं होने के कारण लोगों को यह सुविधा नहीं मिल पा रही थी। यहां आने वाली गर्भवती महिलाओं को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जाता था। अन्य ऑपरेशन के मरीज भी जिला मुख्यालय पर भेजे जाते थे। इस समस्या का समाधान करते हुए सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने महिला संविदा चिकित्सक डॉ. मोनिका अग्रवाल की तैनात की है। उनकी सहयोगी डॉ. नाजमीन भी यहां मौजूद रहेंगी।
ऑपरेशन कक्ष को किया सुसज्जित
ऑपरेशन कक्ष को आधुनिक मशीनों से सुसज्जित दिया गया है। यहां पर बेहोशी की मशीन, रेडिएंट वार्मर पर नवजात बच्चों को रखने की सुविधा के साथ ही ओटी लाइट और दो ओटी टेबल व ऑक्सीजन कंसेंटेटर की भी सुविधा उपलब्ध हो गई है। सीएचसी प्रभारी डॉ.करन सिंह ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को इससे सहूलियत रहेगी।
-तिलहर सीएचसी पर डॉ.मोनिका की तैनाती कर दी गई है। वहां पर व्यवस्थाओं को बेहतर कर दिया गया, जिससे मरीजों को लाभ मिल सकें। डॉ.आरके गौतम, सीएमओ