सिंधौली। थाना क्षेत्र के गांव गरवापुर में शनिवार को चकरोड को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद होने पर हथियार भी निकल आए। बताते हैं कि फायरिंग भी की गई। पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शनिवार को खेतों को जाने वाले चकरोड पर एक पक्ष द्वारा अतिक्रमण कर मेड़ बना दी गई। दूसरे पक्ष ने सरकारी नाप कराकर चकरोड को कब्जामुक्त कराने का प्रयास किया। इसके बाद भी चकरोड कब्जामुक्त नहीं हो सकी। इसी बात को लेकर शनिवार शाम दोनों पक्षों में खेत पर विवाद हो गया। पहले मारपीट हुई, जिसमे नरेंद्र, परविंदर व जितेंद्र आदि घायल हो गए।
विवाद के दौरान दोनों पक्षों द्वारा असलाह भी लहराए गए। ग्रामीणों के अनुसार, विवाद के दौरान फायरिंग भी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर दोनों पक्ष मौके से भाग गए। पुलिस ने खेत पर खड़े मिले एक ट्रैक्टर को थाने पर ले आई। विवाद के दौरान वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
चक रोड को लेकर विवाद हुआ है। दोनों पक्षों से तहरीर लेकर कार्रवाई की जाएगी। विवाद के दौरान फायरिंग की बात अभी सामने नहीं आई है।
संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी देहात