डीएम ने रोजा मंडी में किया केंद्र का निरीक्षण
आलू किसानों को मूल्य में गिरावट की मार से बचाने के लिए प्रदेश सरकार की बाजार हस्तक्षेप योजनांतर्गत रोजा मंडी समिति के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर बुधवार से आलू खरीद केंद्र खुल गया। उप्र राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ (हाफेड) को जिले में आलू खरीद के लिए क्रय एजेंसी नामित किया गया है।
डीएम कर्ण सिंह चौहान ने बुधवार शाम रोजा मंडी जाकर वहां आलू क्रय केंद्र के लिए चयनित स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने किसानों से कहा कि आलू 30 से 55 मिमी व्यास का साफ-सुथरा होना चाहिए और कहीं से कटा-फटा, सड़ा अथवा हरा नहीं होे। डीएम ने कहा कि किसान अपने साथ खसरा खतौनी, किसान बही, बैंक पास बुक के प्रथम प्रष्ठ की छाया प्रति आदि कागजात साथ लेकर आएं। उन्होंने बताया कि 487 रुपये की दर से खरीदे जाने वाले आलू का भुगतान क्रय एजेंसी द्वारा किसानों के बैंक खातों में भेजा जाएगा।
डीएम ने पाया कि मंडी के सब्जी आढ़ती 360 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू खरीद रहे हैं। उन्होंने किसानों से 487 रुपये रेट पाने के लिए सरकार की इस योजना का लाभ उठाने का अनुरोध किया। बाद मेें डीएम ने जमुही जाकर छोटे लाल कोेल्ड स्टोरेज का निरीक्षण करने पर पाया कि वहां की एप्रोेच रोड सही नहीं है। कोल्ड स्टोरेज के अंदर धान का पुआल रखे पाए जाने पर उन्होंने आग लगने की आशंका जताते हुए नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा को जिले के कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि व्यवस्थाएं ठीक होने के बाद ही नवीनीकरण करें।