शाहजहांपुर। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर बरती जा रही एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल की ओपीडी सोमवार को बंद रही। जरूरतमंद लोग ट्रॉमा सेंटर में इलाज को पहुंचे, लेकिन रोजाना की अपेक्षा मरीजों की संख्या सोमवार को भी कम रही, जो भी मरीज आ रहे थे। उनके साथ आने वालों को भीड़ न लगाने की हिदायत दी जा रही थी।
जिला अस्पताल की ओपीडी दो अप्रैल तक बंद है। केवल इमरजेंसी सेवाएं ही चालू रखी गई हैं। उसमें भी उन मरीजों का ही इलाज किया जा रहा है, जिन्हें बेहद आवश्यकता है। हालांकि रविवार के मुकाबले सोमवार को मरीजों की संख्या कुछ ज्यादा थी। सुबह आठ से दोपहर एक बजे 38 मरीज ट्रॉमा सेंटर पहुंच चुके थे, इनमें से कुछ एक्सीडेंट के थे, बाकी पेट दर्द, बुखार, सिर दर्द आदि के थे। यह वह लोग थे, जो मेडिकल स्टोर पर दवा लेने के बाद भी ठीक नहीं हो पा रहे थे। मरीजों को लाने और ले जाने के लिए 108, 102 एंबुलेंस चालकों और एमटी को हिदायत दी गई है कि वे किसी कीमत पर लापरवाही न बरतें। ट्रॉमा सेंटर में मरीज के साथ आने वाले ज्यादा तीमारदारों को भी रुकने नहीं दिया जा रहा है। वहीं अस्पताल के अंदर वार्डों में भी सन्नाटा पसरा हुआ था।