खुटार की कैमहरिया पीएचसी पर मौजूद डॉक्टर और फार्मासिस्ट। संवाद
खुटार। कैमहरिया पीएचसी की आखिरकार ओपीडी खुल गई। शनिवार को डॉ. अंकित वर्मा और फार्मासिस्ट विजय वर्मा ने लगभग 15 मरीजों को देखा। लोगों का कहना था कि अगर रोजाना मरीज देखे जाएं तो उनकी संख्या में इजाफा होगा।
कैमहरिया पीएचसी पर स्टाफ और डॉक्टर अक्सर नदारद रहते हैं। इस कारण पीएचसी में ओपीडी बंद रहती है। क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। शुक्रवार को दिन में 11:20 बजे पड़ताल की गई तो पीएचसी में डॉक्टर, फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय में से कोई भी मौजूद नहीं था।
सभी कमरों में ताले लटक रहे थे। अमर उजाला ने आठ फरवरी के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद शनिवार को डॉ. अंकित वर्मा और फार्मासिस्ट पीएचसी पर मिले।
डॉक्टर ने बताया कि उनकी ड्यूटी बुधवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार को खुटार सीएचसी पर लगाई गई है। सोमवार और मंगलवार को वह कैमहरिया पीएचसी पर ड्यूटी करते हैं। शनिवार को अवकाश पर रहते हैं। फार्मासिस्ट विजय वर्मा मंगलवार, बृहस्पतिवार को खुटार सीएचसी पर, शुक्रवार को अवकाश और शेष दिन कैमहरिया पीएचसी पर रहते हैं। वार्ड बॉय मुखत्यार अली चार दिन सीएचसी और दो दिन पीएचसी पर ड्यूटी करते हैं। डॉक्टर ने बताया कि शनिवार को उन्होंने अवकाश निरस्त कर ड्यूटी की और रोगियों को देखकर दवाएं वितरित कराईं।
खुटार की कैमहरिया पीएचसी पर मौजूद डॉक्टर और फार्मासिस्ट। संवाद