शाहजहांपुर। जिले के कक्षा 12 तक के स्कूलों को स्वच्छ एवं हरित विद्यालय बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। इसके लिए शिक्षकों को विद्यालयों का ब्योरा पोर्टल पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक 20 प्रतिशत तक आवेदन हुए हैं। कार्य में तेजी लाने के लिए बीएसए ने बारिश के अवकाश के दिन भी स्टाफ को विद्यालय जाने और आवेदन के निर्देश दिए हैं।
स्वच्छ एवं हरित विद्यालय का बेसिक, माध्यमिक और निजी स्कूलों को शामिल किया है। इसके तहत स्कूलों का सारा ब्योरा पोर्टल पर अपलोड करना है। जिले में अब तक करीब 20 प्रतिशत विद्यालयों के ही आवेदन होने पर बीएसए ने लक्ष्य पूरा कराने के लिए अवकाश के दिन में भी शिक्षकों को काम करने के निर्देश दिए हैं।
बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पोर्टल पर विद्यालयों का सर्वे और आवेदन कराया जाना है। इसके बाद विद्यालय में कराई गई गतिविधियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराया जाएगा। सत्यापन के बाद निर्धारित मानकों के आधार पर विद्यालयों को रेटिंग प्रदान की जाएगी।
अधिकारियों का लक्ष्य सभी पात्र विद्यालयों का शत-प्रतिशत आवेदन सुनिश्चित करना है। बीएसए ने बताया कि विद्यालयों को स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों के आधार पर तैयार किया जाएगा। विभाग ने इसके लिए 30 सितंबर अंतिम तिथि निर्धारित की है। ऐसे में कम आवेदन को देखते हुए शिक्षकों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रयास है कि तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत विद्यालयों का पंजीकरण और आवेदन कराया जा सके।