लखनऊ पीजीआई में मोहम्मद जई के यासीन ने दम तोड़ा
स्वास्थ्य विभाग ने मृतक के घर वालों को खिलाई टैमी फ्लू
शहर में स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। मोहल्ला मोहम्मद जई के रहने वाले 40 वर्षीय यासीन की पीजीआई लखनऊ में दो दिन पहले स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद मौत की खबर आते ही स्वास्थ्य विभाग ने जिले में अलर्ट घोषित कर दिया। सीएमओ डॉ. कमल कुमार ने बताया कि मृतक परिवार के सभी सदस्यों को स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए टेमीफ्लू की डोज खिला दी गई है। सभी प्रभारी डॉक्टरों को अपने क्षेत्रों के मरीजों की जांच में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
मोहल्ला मोम्मद जई निवासी यासीन को 28 अप्रैल को खांसी, बुखार और जुकाम की शिकायत हुई थी। उन्होंने यहां निजी डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। घरवाले एक मई को उन्हें लखनऊ ले गए और वहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां के डॉक्टरों को स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखे तो उन्होंने यासीन को पीजीआई रेफर कर दिया। तीन मई को उनका सैंपल लेकर गहन जांच की गई, जिसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो गई।
पीजीआई ने डॉक्टरों की टीम ने करीब 24 घंटे तक यासीन का उपचार किया, लेकिन उन्हें बचा नहीं सके। पांच मई को सुबह यासीन की मौत होने के बाद इसकी सूचना शनिवार को जैसे ही सीएमओ कार्यालय को मिली स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो उठा। सीएमओ के निर्देश पर जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. अनिल राज, सीएमओ कार्यालय के डॉ. एनके सक्सेना, फार्मेसिस्ट संदीप गुप्ता आदि यासीन के घर जाकर परिवार के सभी सदस्यों को टेमीफ्लू दवा अपनी निगरानी में खिलाई। डॉक्टरों की टीम ने परिवार के सदस्यों का परीक्षण भी किया, सभी सामान्य पाए गए।
मृतक के परिवार वालों से बातचीत में पता चला कि यासीन समेत परिवार का कोई सदस्य हाल-फिलहाल शहर से बाहर नहीं गया है। शहर के कुछ शादी समारोह में लोग जरूर शामिल हुए हैं। ऐसे में जिले में स्वाइन फ्लू वाहक की मौजूदगी मानते हुए सतर्कता बरती जा रही है। एक सप्ताह तक परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जाएगी। स्वाइन फ्लू से पीड़ित मरीज के इलाज के लिए जिला अस्पताल में विशेष वार्ड बना दिया गया है।
डॉ. कमल कुमार, सीएमओ शाहजहांपुर