बोर्ड परीक्षा का पहला पड़ाव पार होते ही झूमें विद्यार्थी
सीबीएसई बोर्ड 10वीं का परीक्षाफल शनिवार को घोषित हो गया। कई दिनों से प्रतीक्षारत छात्र-छात्राओं को रिजल्ट देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना न रहा। हालांकि 10वीं में ग्रेडिंग सिस्टम होने के कारण कोई टॉपर नहीं बन सका। अलबत्ता बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सभी विषयों में ए-वन ग्रेड हासिल कर 10 सीजीपीए लेकर श्रेष्ठता साबित की है। कई दिन इंतजार के बाद शनिवार को सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया। निर्धारित समय से करीब एक घंटा पहले इंटरनेट पर रिजल्ट आने की सूचना मिलते ही स्कूलों में कंप्यूटर खुल गए और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने कॉलेज का रिजल्ट देखना शुरू कर दिया। सरवर डाउन होने के चलते परीक्षाफल निकालने में शिक्षकों को काफी मगजमारी करनी पड़ी। इस बीच स्कूल संचालकों ने छात्र-छात्राओं को भी स्कूल बुला लिया और सफलता से गदगद शिक्षकों और स्कूल संचालकों ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। छात्र-छात्राओं ने स्कूल परिसर में सहपाठियों के साथ खूब जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी। चूंकि यह उनकी पहली बोर्ड परीक्षा थी, इसलिए विद्यार्थियों की खुशी अधिक देखने को मिली। खुशी से झूमते बच्चों ने एक-दूसरे को गोद में उठाकर जमकर जश्न मनाया। जश्न का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा, उन्होंने घर पहुंचकर परिवार के साथ भी खुशियां बांटीं और ईश्वर को प्रसाद अर्पित कर उनके प्रति आभार जताया।