कलान में बजरंग दल की ओर से आयोजित शोभायात्रा में उपस्थित लोग। स्रोत : आयोजक
कलान। गुरु गोविंद सिंह के बलिदानी पुत्रों की स्मृति में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से वीर बाल दिवस मनाया गया। इस मौके पर बजरंग दल के बाल बजरंगियों ने शोभायात्रा निकाली।
इससे पहले, पंडित रामप्रसाद बाल विद्या मंदिर में शाेभायात्रा के लिए बच्चे इकट्ठा हुए। विद्यालय के प्रबंधक सचिन मिश्रा और अन्य शिक्षकों ने गुरु गोविंद सिंह के पुत्रों अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह की शौर्य गाथा पर प्रकाश डाला। विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष जय गोपाल गुप्ता ने सभी बाल बजरंगियों का मुंह मीठा कराया और सभी के मस्तक पर तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। बाद में वहीं से शोभायात्रा आरंभ हुई।
शोभायात्रा परौर तिराहे से मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर पहुंची। कई जगह सेवादारों ने पुष्पवर्षा कर बाल बजरंगियों का स्वागत किया। वहां पर आरएसएस के विशेष संपर्क प्रमुख आलोक शर्मा और विहिप के जिला मंत्री शलभ मिश्रा ने विचार रखे।
जिलाध्यक्ष डॉ. ब्रजेश गुप्ता, अजय बजरंगी, प्रखंड अध्यक्ष जयगोपाल गुप्ता, गगन गुप्ता, बजरंग दल के विभाग संयोजक पंकज गुप्ता आदि का सहयोग रहा।