जलालाबाद (शाहजहांपुर)। गंगा एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार को चमरपुरा खुर्द गांव के पास पक्षी कार के शीशे से टकरा गया। इससे चालक हड़बड़ा गया और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में एक ही परिवार के दो बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए।
हादसा मदनापुर थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 293 के पास हुआ। कार सवार दिल्ली के शकूरपुर निवासी लक्ष्मी नारायण सोनी परिवार के साथ सात अक्तूबर को दिल्ली से बिहार गए थे। बृहस्पतिवार को सभी लोग दिल्ली लौट रहे थे। चमरपुरा खुर्द के पास सामने से उड़कर आया पक्षी चालक की तरफ के शीशे से टकरा गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में लक्ष्मी नारायण सोनी, उनकी पत्नी पिंकी सोनी, सुलेखा, रामकुमार, पिंकू कुमार, आशीष और अभय घायल हो गए। सूचना पर गंगा एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी को सीएचसी ले गई। गंभीर घायल लक्ष्मी नारायण सोनी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है।