शाहजहांपुर में इंजीनियर डे पर रक्तदान करते इंजीनियर। संवाद
शाहजहांपुर। इंजीनियर्स डे के अवसर पर उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की ओर से सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें महासंघ के घटक संगठनों के सदस्यों ने 44 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम से पहले हवन और श्रद्धांजलि सभा भी आयोजित हुई।
महासंघ के संरक्षक इंजीनियर अनिल दीक्षित ने बताया कि भारत के प्रथम भारतीय इंजीनियर और भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरय्या की जयंती पर हर वर्ष 15 सितंबर को इंजीनियर्स डे मनाया जाता है। इसी दिन महासंघ के संस्थापक इंजीनियर आरके दत्ता की पुण्यतिथि भी होती है। उन्होंने बताया कि आरके दत्ता का निधन रक्त की कमी के कारण हुआ था।
उनकी स्मृति में महासंघ की ओर से हर वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। सिंचाई विभाग शारदा नहर खंड के अधिशासी अभियंता इंजीनियर सुनील कुमार भास्कर ने स्वयं रक्तदान किया। इस बीच भारत के पहले इंजीनियर एम विश्वेश्वरैया की प्रतिमा का अनावरण किया गया। शिविर में अधीक्षक डॉ. शोभा वाजपेयी, सहायक अभियंता रितुराज सिंह, सर्वेश कुमार राठौर, जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह, जनपद सचिव ब्रजेश कुमार, अहमद मुबीन आदि मौजूद रहे।
-