राजकीय पॉलीटेक्निक (जीटीआई) में शनिवार से दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद शुरू हो गए। उद्घाटन मुख्य अतिथि पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा ने गुब्बारे और शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाकर किया। इससे पहले उन्होंने विशिष्ट अतिथि शिक्षक विधायक संजय कुमार मिश्र और आईआईए के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल के साथ ध्वज फहराकर मार्चपास्ट की सलामी ली।
पहले दिन हुई 200 मीटर बालक वर्ग की दौड़ में ब्रज मोहन ने प्रथम, ललितेश कुमार यादव ने द्वितीय, आसिब ने तृतीय, 800 मीटर दौड़ में आनंद यादव ने प्रथम, राजू राम ने द्वितीय, शुभम कुमार ने तृतीय, ऊंची कूद बालिका वर्ग में संगीत कश्यप ने प्रथम, तृप्ति श्रीवास्तव ने द्वितीय, कुसुम लता ने तृतीय, 800 मीटर दौड़ में ओम लता ने प्रथम, कल्याणी ने द्वितीय और प्रभा कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इससे पूर्व गत वर्ष की चैंपियन छात्रा ओम लता ने मशाल से मैदान का चक्कर लगाया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री वर्मा ने खेल प्रतियोगिता आरंभ करने घोषणा के साथ सभी प्रतिभागियों को शपथ ग्रहण कराई। इसके बाद वॉलीबाल की विजेता टीम रमन हाउस के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर और शील्ड प्रदान की।
प्रधानाचार्य राजन सिंह ने मुख्य अतिथि के समक्ष कॉलेज में शिक्षकों की कमी उजागर करते हुए अतिथि व्याख्याताओं का मानदेय दिलाने की मांग उठाई। बताया कि कई बार रिमाइंडर भेजने के बाद भी दो साल से अतिथि शिक्षकों को मानदेय नहीं दिया जा सका है। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के मनोरंजन के लिए आर्केस्ट्रा पार्टी का भी आयोजन किया गया। आयोजन में रेलवे इंटर कॉलेज रोजा के प्रधानाचार्य कन्हैया लाल, अधिवक्ता राकेश कुमार सिंह, अजय पाल राठौर, विजय सक्सेना समेत क्षेत्र के प्रधान आदि मौजूद रहे।