जागेश्वर सिंह कुशवाहा का फाइल फोटो
- फोटो : SHAHJAHANPUR
अल्हागंज। कटरा-बिल्हौर हाईवे के गड्ढे जानलेवा बन गए हैं। इन गड्ढों से बचने के फेर में तेज रफ्तार ट्रक से चालक नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू ट्रक सड़क किनारे गुजर रहे किसान पर पलट गया। इससे उसकी वहीं मौत हो गई। गांव राजकिराया निवासी जागेश्वर सिंह कुशवाहा अपने खेत में घुसे पशुओं को भगाकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने शव को ट्रक के नीचे से निकलवा कर पोस्टमार्टम को भेजा है।
60 वर्षीय जागेश्वर सिंह कुशवाहा के बड़े बेटे 45 वर्षीय दयाराम का निधन हो गया था। सोमवार को बेटे की तेरहवीं में शामिल होने के लिए काफी मेहमान आए थे। मंगलवार दोपहर रिश्तेदारों को जागेश्वर विदा कर रहे थे। तभी उन्हें खेत में सांड़ घुसने की सूचना मिली। जागेश्वर ने तुरंत लाठी उठाई और खेत की ओर चल दिए। सांड़ों को खेत से दूर भगाने के बाद वह घर लौट रहे थे। रास्ते में कटरा-बिल्हौर हाईवे पर फर्रुखाबाद की तरफ से आ रहे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद ट्रक सड़क के दाहिनी तरफ पलट गया। वहां से गुजर रहे जागेश्वर सिंह उसके नीचे दब गए। लोडेड ट्रक के नीचे बुजुर्ग के दबने के बाद आसपास के लोग दौड़ पड़े। काफी प्रयास करने के बाद भी ट्रक के नीचे से नहीं निकाल पाए। सूचना पाकर पुलिस भी आई और ग्रामीणों की मदद से शव को ट्रक के नीचे से निकाला। पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को हिरासत में ले लिया। हालांकि परिवार की ओर से शाम तक तहरीर नहीं दी गई थी।
बेटे की तेहरवीं के अगले दिन पिता की मौत
जागेश्वर के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
खेती-किसानी करने वाले जागेश्वर के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सितंबर महीने में जागेश्वर के पुत्र दयाराम का बीमारी के चलते निधन हो गया था। उसकी मौत के बाद से जागेश्वर सिंह काफी टूट गए थे। उस समय विपरीत परिस्थितियों के कारण तेरहवीं नहीं हो सकी थी। उसकी तेरहवीं सोमवार को रखी गई थी। मंगलवार को खेतों में घुसे जानवर भगाकर लौट रहे जागेश्वर की ट्रक के नीचे आकर मौत की खबर से परिवार में हाहाकार मच गया। बेटों रामकिशन और मनीराम व बेटी इंद्रवती के आंसू नहीं थम रहे।