पॉवर कारपोरेशन के पैना स्थित 220 केवी पॉवर स्टेशन के यार्ड में 33 केवी लाइन पर ऑयल सर्किट ब्रेकर शनिवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे शार्ट सर्किट से जलकर फट गया। इस खराबी से शहर के निगोही रोड गदियाना, ककरा कलां, अब्दुल्लागंज, गोविंदगंज और बहादुरगंज सब स्टेशनों से जुड़े तमाम मोहल्लों-कालोनियों में करीब चार घंटे तक बत्ती गुल रही। गर्मी के सीजन में बिजली की मांग बढ़ने से पॉवर नेटवर्क ओवरलोडिंग से प्रभावित होता है। ठीक इसी तरह सर्दी के मौसम मेें धूप नहीं निकलने और लगातार कोहरा गिरने से वातावरण की नमी बिजली लाइनों में शार्ट सर्किट की समस्या पैदा कर देती है। शुक्रवार आधी रात के बाद तड़के तीन बजे से पैना स्टेशन के यार्ड में यही समस्या पैदा हो गई है। निगोही रोड गदियाना से होकर शहर के अन्य कई सब स्टेशन को जाने वाली 33 केवी इनकमिंग लाइन शार्ट सर्किट से ट्रिपिंग के शिकंजे में आ गई। इस वजह से करीब दो घंटे तक शहर के पांच सब स्टेशनों की बिजली सप्लाई बंद रखी गई। सुबह छह बजे के बाद बिजली आपूर्ति चालू हुए बमुश्किल दो घंटे बीत पाए थे कि अचानक पैना यार्ड में तेज आवाज के साथ ओसीबी जल उठी। एक्सईएन ट्रांसमिशन सुनील कुमार ने तकनीकी टीम मौके पर जुटाकर यह फाल्ट सुबह से ठीक कराना शुरू किया, लेकिन खराबी दूर होने में करीब चार घंटे लग गए। दोपहर 1.30 बजे के बाद ओसीबी के कनेक्शन ठीक करके उसे नेटवर्क से जोड़ा जा सका। इस दौरान ककरा कलां, ककरा खुर्द, तिलहरजई, मदराखेल, लोहारों का चौराहा, आनंदपुरम, आजादपुरम, विवेक विहार, अलीजई, विश्वकर्मा चौक, बीबीजई, मामुड़ी, लाल इमली चौराहा, बाड़ूजई फर्स्ट, बाड़ूजई सेकेंड, गोविंदगंज, डीएम कंपाउंड, चर्च कालोनी, रूफस चरन लेन, सदर बाजार, कटिया टोला, मशीनरी मार्केट, बहादुरगंज, तारीन टिकली, मल्हार मोड़, अंबा सिने प्लेक्स मोड़, जिया खेल, मतानी, बाला तिराही, गर्रा फाटक आदि क्षेत्रों के सैकड़ों परिवारों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा।