रोजा में रेलवे की जमीन पर कब्जा हटवाती आरपीएफ की टीम। स्रोत: रेलवे
शाहजहांपुर। रोजा लोको कॉलोनी में रेलवे की जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा करने वालों पर अफसरों व आरपीएफ ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार दोपहर जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए अधिकारी पहुंचे। जेसीबी और सिविल पुलिस के उपलब्ध नहीं होने के कारण दो दिन का समय दुकानदारों को दिया है।
कॉलोनी में पिछले कई सालों से रेलवे की जमीन पर कब्जा कर खोखे रखने के साथ ही अस्थायी कब्जा कर लिया गया था। पूर्व में सीनियर सेक्शन इंजीनियर कौशल अवस्थी ने नोटिस देकर जमीन खाली करने के निर्देश दिए। इसके बाद भी दुकानदारों ने संज्ञान नहीं लिया। दो नोटिस देने के बाद भी कब्जा नहीं हटने पर बृहस्पतिवार को सीनियर सेक्शन इंजीनियर के साथ आरपीएफ रोजा के एसआई वीरभद्र समेत अन्य जवान पहुंचे और दुकान के ऊपर पड़ा टिनशेड हटा दिया। एक दुकानदार का जाल हटवा दिया। खोखे हटाने के लिए जेसीबी उपलब्ध नहीं हो सकी। रोजा थाने का पुलिस बल भी नहीं मिल सका। इसके चलते दो दिन का समय देकर टीम लौट आई।