शाहजहांपुर। एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत जरी-जरदोजी कारोबार को बढ़ावा देने के लिए उद्योग विभाग ने आवेदन मांगे हैं। इन्हें प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा, साथ ही ऋण दिलाकर कारोबार को शुरू कराएंगे।
जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र को 350 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य मिला है। इसके लिए इस वर्ष करीब 900 आवेदन किए गए। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें योजना का लाभ देने को साक्षात्कार में बारिश ने रुकावट डाल दी है।
जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त संजय सिंह ने बताया कि योजना के अंतर्गत जरी-जरदोजी कार्य के लिए दस दिवसीय प्रशिक्षण होगा। प्रशिक्षण अवधि में प्रतिदिन 200 रुपये का मानदेय भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद स्वरोजगार शुरू करने के लिए आवश्यक टूलकिट उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें अड्डा, सिलाई मशीन सहित अन्य जरूरी उपकरण शामिल होंगे। बताया कि उद्योग विभाग का उद्देश्य जरी-जरदोजी की पारंपरिक कला से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। संवाद