ओसीएफ मैदान में आयुध एवं आयुध उपस्कर उत्तर क्षेत्रीय वॉलीबाल टूर्नामेंट शुक्रवार से शुरू हो गया। उद्घाटन ओसीएफ महाप्रबंधक चंद्र भूषण शर्मा ने फीता काटकर और रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। टूर्नामेंट में नार्थ जोन की सभी टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। महाप्रबंधक ने मैदान पर वॉलीबाल की सर्विस कर विधिवत मैच भी शुरू कराया। उद्घाटन मुकाबला ओसीएफएस (ओसीएफ शाहजहांपुर) और ओएफसी कानपुर के मध्य हुआ। पहले ही मैच में कानपुर की टीम को 25-06 और 25-10 से करारी शिकस्त मिली।
दूसरा मैच आर्डनेंस फैक्ट्री देहरादून और फील्ड गन फैक्ट्री कानपुर के बीच हुआ, जिसमें देहरादून ने कानपुर को कड़े संघर्ष के बाद 25-20 और 25-17 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। पहले दिन का अंतिम मुकाबला एसएएफ कानपुर और ओएलएफ देहरादून के बीच हुआ, जिसमें कानपुर ने 25-17 और 25-14 से शानदार जीत दर्ज की।
संयुक्त महाप्रबंधक एवं खेल प्रभारी टीके साहा ने टूर्नामेंट के बारे में जानकारी दी। कनिष्ठ कार्य प्रबंधक नितिन त्रिपाठी ने संचालन किया। अपर महाप्रबंधक के.सत्यनारायण और सुकुमार रथ, मुख्य चिकत्साधिकारी डॉ. एके बर्मन, वरिष्ठ खिलाड़ी कैप्टन एलडी शुक्ला समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और फैक्ट्री की यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन सचिव एमएमजेड चुगताई ने आभार व्यक्त किया।
आज के मुकाबले
ओसीएफ के नार्थ जोन वॉलीबाल टूर्नामेंट में शनिवार को सुबह 10 बजे से ओपीएफ कानपुर, ओईएफ हजरतपुर, आर्डनेंस फैक्ट्री कोरबा, ओएफसी कानपुर, ओएफ मुरादनगर और ओईएफ कानपुर के बीच मैच होंगे। इसके बाद शाम को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले होंगे।