फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: शाहजहांपुर में 15-15 हजार देकर बनवाए फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र, नौकरी व इंदिरा आवास पाए, पेंशन भी ले रहे

Wed, 01 Apr 2026 01:04 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर

सार

शाहजहांपुर के सीएमओ कार्यालय में तैनात कर्मचारी की मिलीभगत से अपात्रों ने 15-15 हजार रुपये लेकर दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवा लिए। प्रमाणपत्र बनने के बाद एक ने बैंक में नौकरी प्राप्त कर ली, जबकि कई प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के साथ पेंशन का लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहजहांपुर में स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की मिलीभगत और अधिकारियों के निगरानी में घोर लापरवाही बरतने से फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने वाला गिरोह काम करता रहा। आरोप है कि एक शिक्षक ने सीएमओ कार्यालय में तैनात अपने रिश्तेदार के जरिये अपात्रों के 15-15 हजार रुपये लेकर दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवा लिए। प्रमाणपत्र बनने के बाद एक ने बैंक में नौकरी प्राप्त कर ली, जबकि कई प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के साथ पेंशन का लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं। माना जा रहा है कि 2022-23 के बीच प्रमाणपत्र बनवाए गए हैं।
विज्ञापन


मिर्जापुर के गांव मझारा बढ़ऊ निवासी संतराम कश्यप ने दिसंबर में डीएम को प्रार्थना पत्र देकर गांव के कई लोगों के फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्रों के जरिये सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की शिकायत की थी। डीएम के निर्देश पर सीडीओ की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने मामले की जांच की ताे 14 अपात्रों के दिव्यांग प्रमाणपत्र बने होने की पुष्टि हुई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने के बाद योजनाओं का लाभ लिया गया। उनके गांव में 14 लोगों ने 50 से 80 प्रतिशत दिव्यांगता वाले प्रमाणपत्र बनवाए। आरोप है कि एक शिक्षक के सीएमओ कार्यालय में कार्यरत रिश्तेदार के जरिये 15-15 हजार रुपये देकर प्रमाणपत्र बनवाए गए। इन्हीं प्रमाणपत्रों के सहारे 12 लोग पेंशन ले रहे हैं तो इनमें से चार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी प्राप्त कर लिया है।
विज्ञापन


कई लोग प्रमाणपत्र के सहारे रोडवेज बस में दिल्ली तक सफर कर अपना कारोबार कर रहे हैं, साथ ही 80 प्रतिशत दिव्यांगता वाले प्रमाणपत्र का लाभ उठाकर एक हेल्पर भी लेकर जाते हैं। एक व्यक्ति ने तो प्रमाणपत्र के सहारे बैंक में नौकरी भी पा ली है। दूसरा व्यक्ति भी सरकारी नौकरी के लिए प्रयास में लगा है।

मामला एक
मझारा बढ़ऊ के आदेश कुमार की सीडीओ कार्यालय में जांच के दौरान ईएनटी चिकित्सक ने जांच की। प्रथमदृष्टया सुनाई देने की क्षमता सही पाई गई। उसने शासकीय योजना का लाभ लेने के लिए दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाया था। आदेश ने कोई लाभ नहीं लेने की बात कही है।

मामला दो
शिवप्रताप सिंह की कानों की जांच में सुनने की क्षमता सही पाई गई। उसने दिव्यांग पेंशन व मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ प्राप्त किया है। उसने 18 फरवरी को जनसुनवाई में शपथ पत्र देकर सीएमओ कार्यालय से कार्ड जारी होने की बात कही।

मामला तीन
अच्छू मियां की दिव्यांगता, प्रमाणपत्र में दर्शाई प्रतिशत से कम प्रतीत हो रही है। इसलिए इनका दोबारा से परीक्षण कराया जाएगा। वह भी दिव्यांग पेंशन का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। जांच शुरू होने पर सीएमओ कार्यालय में कार्ड सरेंडर कर दिया था।

मामला चार
रिंकी सिंह ने भी सुनाई देने की क्षमता सही होने का दावा कर दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवा लिया। उसी के सहारे दिव्यांग पेंशन का लाभ प्राप्त कर रहीं हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद कर्मचारी ने अपने मोबाइल नंबर पर ओटीपी लेकर कार्ड सरेंडर करा दिया।

मामला पांच
सूर्य प्रताप सिंह के दिव्यांग प्रमाणपत्र में दिव्यांगता 70 प्रतिशत दशाई गई। जबकि वास्तविकता में पांच प्रतिशत से कम प्रतीत हुई। उन्होंने कार्ड को सरेंडर करते हुए किसी भी सरकारी व गैर सरकारी लाभ नहीं लेने की बात कही है।

कई और नाम सामने आने की संभावना
गांव मझारा बढ़ऊ के अलावा आसपास के गांवों के लोगों के भी फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र बनने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर भी स्वास्थ्य विभाग ने अपनी पड़ताल को तेज कर दिया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सीएमओ कार्यालय से ही सारा खेल हुआ है। एक प्रमाणपत्र पर पड़े नंबर पर कॉल करने पर वह सीएमओ ऑफिस का निकला। दोबारा से फोन बंद कर दिया गया।

शिक्षक के साथी का वीडियो वायरल
फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने के मामले में एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो शिक्षक के साथी का बताया जा रहा है। जिसमें वह शिक्षक द्वारा फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने के मामले में नाम सामने आने की बात कह रहा है। वीडियो एक मिनट का है। जो चुपके से बनाया गया है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करती है।

नौ लोगों ने सुनाई नहीं देने का बनवाया प्रमाणपत्र
सीडीओ डॉ.अपराजिता सिंह ने मामला संज्ञान में आने के बाद लाभार्थियों को बुलाकर जांच कराई। इसमें नौ लोगों को सही सुनाई देने के बावजूद दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी कर दिए गए थे। दो लोगों को कम प्रतिशत दिव्यांग होने पर अधिक दर्शा दिया गया। इसके बाद लाभर्थियों के लाभ प्राप्त करने की पड़ताल की गई। जिसमें किसी के पेंशन व आवास पाने की बात सामने आई। कुछ ने कोई भी लाभ लेने से इन्कार कर दिया। दो लाभार्थियों के प्रतिशत अधिक दर्शाए जाने पर दोबारा से जांच कराई जाएगी।

पटल सहायक की भूमिका संदिग्ध
सीडीओ के समक्ष जनसुनवाई में लाभार्थी शिवप्रताप, बलवीर, अच्छू मियां, रिंकी, घासीराम ने बताया कि उनके दिव्यांग प्रमाणपत्र सीएमओ कार्यालय से ही बने हैं। पटल सहायक ने अपने मोबाइल नंबर पर ओटीपी लेकर कार्ड को सरेंडर किया है। पूरे मामले में पटल सहायक की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है।

 

Trending Videos

संविदा कर्मियों को बांटे थे आईडी के पासवर्ड...अब नियमित कर्मी को दी जिम्मेदारी
स्वास्थ्य विभाग में दिव्यांग प्रमाणपत्र का घोटाला सामने आने के बाद अधिकारी और कर्मचारी पल्ला झाड़ रहे हैं। वे अपने समय के कार्यकाल का घोटाला होने से इन्कार कर रहे हैं। पूरे मामले में विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। अफसरों ने संविदाकर्मियों को आईडी और पासवर्ड दे रखा था। घोटाला सामने आने के बाद पासवर्ड बदलकर नियमित कर्मी को जिम्मेदारी दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग में दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आईडी का प्रयोग होता है। उसे लॉगिन करने पर ओटीपी सीएमओ के मोबाइल पर जाना चाहिए, लेकिन सीएमओ के अधिक व्यस्त होने के चलते किसी बाबू का नंबर डालकर ओटीपी मांगकर खेल किया गया। अधिकारियों के अनुसार, संविदा कर्मियों के पास आईडी होने के चलते वे ओटीपी मांगकर कार्य करते थे।

इसी में किसी ने खेलकर विभाग के माथे पर दाग लगा दिया। फर्जी प्रमाणपत्र बनने का मामला सामने आने के बाद सीएमओ ने संज्ञान लिया और आईडी का पासवर्ड बदलकर नियमित कर्मी को जिम्मेदारी दी। इस मामले में डीएम ने घपला करने वालों के खिलाफ तहरीर देने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को महावीर जयंती होने के कारण तहरीर नहीं दी गई। बुधवार को मामले में तहरीर दी जा सकती है।

पांच से छह लोग आएंगे घोटाले के दायरे में
डीएम के निर्देश के बाद सीएमओ डॉ.विवेक मिश्रा ने कमेटी बनाकर पूरे मामले की जांच कराई है। कमेटी की रिपोर्ट विभाग को प्राप्त हो गई है। इसमें पांच से छह कर्मचारियों पर मामले में कार्रवाई हो सकती है। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही कार्रवाई भी होगी। संविदा पर कार्यरत कर्मियों को लेकर विभाग से पत्राचार किया जाएगा।

निगरानी होगी सख्त, तय होगी जिम्मेदारी
फर्जीवाड़ा रोकने के लिए विभाग ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नियमित कर्मी को आईडी और पासवर्ड दिया गया है। सीएमओ के अनुसार, अब जो भी प्रमाणपत्र बनेंगे, संबंधित व्यक्ति निगरानी करेगा।

हाथ-पैर से दिव्यांग के अधिक बनते हैं प्रमाणपत्र
पुराने जिला अस्पताल में स्थित सीएमओ कार्यालय के नजदीक ही प्रत्येक सोमवार को दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए जाते हैं। हर सप्ताह 150 लोगों के दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए जाते हैं। इसमें हाथ-पैर से दिव्यांग व्यक्ति ज्यादा आते हैं। अधिकतर हादसे के बाद दिव्यांग होने व पैरालाइसिस से पीड़ित होते हैं। जबकि दस से 12 व्यक्ति ही कान और आंख से दिव्यांग आते हैं। ऐसे में हर महीने में लगभग छह सौ प्रमाणपत्र जारी किए जाते हैं। अफसरों के अनुसार, वर्ष भर में करीब 72 सौ प्रमाणपत्र बन जाते हैं।
विज्ञापन

ऐसे होता है आवेदन
संबंधित व्यक्ति को दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए जनसेवा केंद्र से आवेदन करना होता है। आवेदन के बाद वहां से स्लिप मिलती है। उसी पर्ची को लेकर वह मेडिकल बोर्ड के सामने उपस्थित होता है। वहां बोर्ड परीक्षण कर कंप्यूटर से रिफरल फॉर्म निकालकर रिपोर्ट लगवा देता है। उसी में दिव्यांगता का प्रतिशत लिखा होता है। फाॅर्म को ऑपरेटर के जरिये मेडिकल टीम पोर्टल पर लोड कराती है। नियम के अनुसार, एक या दो दिन में प्रमाणपत्र अपलोड हो जाता है। उसके बाद जनसेवा केंद्र से प्रिंट निकलवा सकते हैं।

सीडीओ ने पूरी टीम की थी ऑफिस में तलब
डीएम के सामने मामला आने के बाद सीडीओ डॉ.अपराजिता सिंह ने जांच शुरू करते हुए मेडिकल टीम को अपने कार्यालय में अभिलेखों के साथ तलब किया था। वहीं पर उनके अभिलेख देखने के साथ ही क्रॉस प्रश्न भी पूछे थे।

सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को अवकाश होने के कारण तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच डीएम के स्तर से कराई गई। विभागीय कमेटी ने भी पूरे मामले की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट दी है, जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई होगी। आइडी का पासवर्ड भी नियमित कर्मचारी को दिया गया है।

डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने पर पुलिस मामले की जांच करेगी। जो भी नाम सामने आएंगे, उन पर कार्रवाई होगी। अपात्रों ने जिन सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाया है, उसे तत्काल बंद कर रिकवरी की जाएगी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें