शाहजहांपुर। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है। अब विद्यार्थी 20 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। सफल परीक्षार्थी को कक्षा नौ से 12 तक शिक्षा ग्रहण करने पर प्रत्येक वर्ष 12 हजार रुपये मिलेंगे।
शैक्षिक सत्र 2024-25 में किसी भी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त या परिषदीय स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन है। परीक्षा के लिए कोई आवेदन शुल्क जमा नहीं करना है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा 10 नवंबर को जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्र पर आयोजित होगी।
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि छात्रवृत्ति योजना में भाग लेने के लिए आवेदक विद्यार्थी का कक्षा सात की परीक्षा न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। एससी व एसटी वर्ग के आवेदकों को पांच प्रतिशत अंकों की छूट मिलेगी। उनके अभिभावकों की सभी स्रोतों से वार्षिक आय साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थी छात्रवृत्ति योजना में आवेदन के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, राजकीय आवासीय विद्यालय, सैनिक स्कूल व प्राइवेट विद्यालयों के विद्यार्थी इसके लिए आवेदन के पात्र नहीं माने जाएंगे।