शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों को घर बैठे चिकित्सकीय परामर्श देने के लिए 28 अप्रैल से शुरू की गई टेली मेडिसिन ओपीडी को अपग्रेड किया जा रहा है। अब मरीज वीडियो कॉल करके विषय विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श ले सकेंगे। डिजिटल फाइलिंग के जरिए सारी रिपोर्ट्स चिकित्सकों को भी भेजी जा सकेगी।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में 28 अप्रैल से टेली मेडिसिन ओपीडी शुरू की गई थी। इसमें अब तक मरीज 05842-240209 नंबर पर कॉल करके 12 विषय विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श ले रहे थे। मरीजों को जांच रिपोर्ट और इलाज की केस हिस्ट्री बताने में दिक्कत आ रही थी। इसी के चलते मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से टेलीमेडिसिन ओपीडी को अब अपग्रेड कर दिया गया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज की प्रवक्ता डॉक्टर पूजा त्रिपाठी पांडेय ने बताया कि सभी विषय विशेषज्ञ चिकित्सकों को सीयूजी नंबर आवंटित कर दिए गए हैं। मरीज सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक चिकित्सकों को सीधे कॉल, वीडियो कॉल, व्हाट्सएप तथा डिजिटल फाइलिंग के जरिये सारी जांच रिपोर्ट और केस हिस्ट्री भेज कर उचित परामर्श लेे सकते हैं। इससे मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा घर बैठेेे मिल सकेगी।
मरीजों की सुविधा के लिए टेलीमेडिसिन ओपीडी को अपग्रेड किया गया है। अब मरीज विषय विशेषज्ञ चिकित्सक से सीधे कॉल करके बात कर सकते हैं। वीडियो कॉल के जरिए जांच रिपोर्ट भी दिखाई जा सकती है। मरीजों को घर बैठकर उचित इलाज मिले इसीलिए यह व्यवस्था लागू की गई है। - डॉ. पूजा त्रिपाठी पांडेय, प्रवक्ता राजकीय मेडिकल कॉलेज, शाहजहांपुर।