शाहजहांपुर। गर्रा नदी के पुराने पुल पर सब्जी और फल विक्रेताओं के लिए वेंडिंग जोन बनाने का काम शुरू हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर यहां पुराने पुल की रेलिंग की मरम्मत भी कराई जा रही है।
गर्रा नदी पर नया पुल बनने के बाद पुराने को बंद कर दिया गया है। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने नगर आयुक्त को यहां वेंडिंग जोन बनाने के निर्देश दिए थे ताकि पुराने पुल का भी सदुपयोग हो सके। शनिवार को नगर निगम ने पुल की रेलिंग की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। इसके साथ ही गर्रा पुल के दोनों तरफ सड़क की पटरियों पर सब्जी एवं फल की दुकान लगाने वाले दुकानदारों को सूचीबद्ध कर उनके साथ बैठक की और नई व्यवस्था से अवगत कराया। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि अब किसी भी तरह की दुकान सड़क के किनारे नहीं लगेगी। सभी पथ विक्रेताओं को स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, सहायक नगर आयुक्त आशुतोष दुबे आदि मौजूद रहे।