सेंटरों पर गेहूं की कम आवक देखते हुए एसडीएम की रिपोर्ट पर डीएम ने पुवायां क्षेत्र में मोबाइल सेंटरों को स्वीकृति दे दी है। इसके तहत सेंटर प्रभारी गांवों में किसानों के घर जाकर गेहूं का सौदा करेंगे और खरीद कर लक्ष्य पूरा करेंगे।
एसडीएम सलिल कुमार पटेल ने बताया कि तहसील क्षेत्र में गेहूं का कटान लगभग समाप्ति की ओर है, लेकिन सेंटरों पर गेहूं की आवक कम थी। उन्होंने कई गांवों में भ्रमण किया तो सामने आया कि किसानों का गेहूं घर पर है और यदि गांवों में जाकर खरीद की जाए तो लक्ष्य को पूरा किया जा सकता है। भ्रमण के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी डीएम को देकर मोबाइल सेंटर शुरू किए जाने की स्वीकृति दिए जाने की मांग की थी। डीएम ने उसे मंजूर कर लिया। बुधवार से सेंटर प्रभारी गांव जाएंगे और किसानों से मिलकर गेहूं की खरीद करेंगे। इससे सरकारी खरीद में तेजी आएगी।