शाहजहांपुर। जिले के स्कूलाें में संचालित वाहनों में से 32 अनफिट हैं। पोर्टल पर इनकी फिटनेस जांच का प्रमाण नहीं मिलने पर संबंधित स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, अब व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच कराने के लिए बरेली तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। सोमवार से यहीं पर प्रक्रिया पूरी हो सकेगी।
परिवहन विभाग ने अभियान चलाकर स्कूलों से संबंद्ध वाहनों को पोर्टल पर अपलोड कराया है। स्कूलों से वाहनों को पोर्टल पर पंजीकृत कराया गया। इसमें 562 वाहनों काे फीड किया गया। स्कूलों के 32 वाहनों की फिटनेस जांच नहीं हो सकी है। ऐसे वाहन संचालकों को एआरटीओ कार्यालय से नोटिस जारी किए गए हैं। दूसरी ओर उन्हें कॉल कर अवगत भी कराया जा रहा है।
एक जनवरी से नियामतपुर स्थित एआरटीओ कार्यालय में वाहनों की फिटनेस जांचने की व्यवस्था को खत्म कर दिया था। इसके चलते वाहन मालिकों को बरेली जाना पड़ता था। वहां समय के साथ ही अधिक रुपये भी खर्च करने पड़ते थे। शासन के निर्देश के बाद जिला स्तर पर फिटनेस जांच की व्यवस्था की गई। सोमवार से एआरटीओ कार्यालय में पूर्व की भांति फिटनेस जांच होने लगेगी। एआरटीओ (प्रशासन) सर्वेश सिंह ने बताया कि जिला स्तर पर 31 दिसंबर तक फिटनेस जांच की अनुमति दी गई है।