शाहजहांपुर। फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाकर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने वाले दो आरोपियों को रिकवरी का नोटिस जारी किया गया है। वहीं तीन अन्य आरोपियों के खातों की तलाश की जा रही है। उनके खाते सीज कराकर पेंशन की रिकवरी की जाएगी।
मिर्जापुर क्षेत्र के गांव मझारा बढऊ निवासी शिव प्रताप सिंह व विजयवीर ने फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लिया था। दोनों ने एक लाख 20 हजार रुपये की रकम का गबन किया। इस मामले में डीएम के आदेश पर ग्राम विकास अधिकारी महेंद्र वर्मा ने दोनों को नोटिस जारी किया है। इसमें शत-प्रतिशत धनराशि वसूल करने के निर्देश दिए हैं। धनराशि स्टेट नोडल खाते में जमा करके यूटीआर संख्या उपलब्ध कराने कराने को कहा है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण का अधिकारी संजय यादव ने बताया कि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से दो लोगों से रिकवरी की जा रही है। बाकी तीन लोगों के खातों की तलाश की जा रही है। खातों की जानकारी मिलने के बाद उनसे पेंशन की रिकवरी की जाएगी।