शाहजहांपुर। बरेली मोड़ स्थित खाटू श्याम मंदिर में देवोत्थान एकादशी व खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर अनियंत्रित भीड़ के चलते रेलिंग टूटने से दस लोगों के घायल होने पर चौक इंस्पेक्टर ने कमेटी को नोटिस जारी किया है। छह बिंदुओं पर सात दिन में जवाब मांगा गया है।
मंगलवार को भगवान खाटू श्याम के जन्मदिन पर बरेली मोड़ स्थित मंदिर में भीड़ उमड़ी थी। शहर के अलावा आसपास के श्रद्धालुओं के आने के चलते भीड़ से बरेली मोड़ से कांट की ओर जाने वाली सड़क जाम हो गई थी। भीड़ अनियंत्रित होने के कारण मंदिर के गेट के पास सीढि़यों की रेलिंग टूटने से करीब दस श्रद्धालु घायल हो गए थे।
भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। सूचना पर एसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सिटी पंकज पंत समेत चौक कोतवाली का फोर्स मौके पर पहुंचा था। घायलों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। शुरुआत में मामले को दबाने में जुटी चौक कोतवाली पुलिस ने अब सख्त रुख अख्तियार किया है।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बृहस्पतिवार की शाम को पुलिस ने आयोजकों को नोटिस जारी कर दिया। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि नोटिस कमेटी के जिम्मेदारों को रिसीव भी करा दिया है। इसमें पार्किंग की व्यवस्था नहीं करने, आयोजन को लेकर पुलिस को सूचना नहीं देने, फायर ब्रिगेड की एनओसी नहीं लेने, एलआईयू को सूचित नहीं करने और वालंटियर की सूची उपलब्ध नहीं कराने आदि बिंदुओं पर जवाब मांगा है।
बरेली मोड़ स्थित खाटू श्याम मंदिर में हादसे के बाद आयोजकों को नोटिस जारी किया है। नोटिस का जवाब आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-पंकज पंत, सीओ सिटी