शाहजहांपुर। दीपावली पर ओसीएफ रामलीला मैदान पर पटाखों की दुकानें सज गई हैं। बाजार में तेज आवाज वाले पटाखों की जगह कम आवाज वाली आतिशबाजी की मांग अधिक हैं। इसके साथ ही ईको फ्रेंडली पटाखे लोगों की पसंद बने हुए हैं। बाजार में 10 से लेकर आठ हजार रुपये तक की आतिशबाजी उपलब्ध है। लोग अपने बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। बच्चों में पटाखों का क्रेज अधिक है।
व्यापारी निखिल महेंद्रू ने बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष फुटकर पटाखों की कीमत में 30 फीसदी तक का इजाफा हुआ है। उसके बावजूद लोगों में जबर्दस्त उत्साह है। बच्चों में चाइनीज हैंडगन की मांग अधिक है। इसको बच्चे आसानी से हाथ में पकड़कर चला सकते हैं। इसमें एक बार में 288 शॉट निकलते हैं। इसी तरह 180 डिग्री घूमने वाले अनार भी पसंद किए जा रहे हैं। इसके अलावा फैन केक में एक बार में छह से लेकर 20 से 30 शॉट निकलते हैं। महताब के रूप में तलवार, बैट-बाल, और हथौड़ा की ज्यादा मांग है।
बच्चों की पहली पसंद बने पॉप कॉप
बच्चों को सबसे अधिक पसंद पॉप कॉप भा रहे हैं। इसकी डिब्बी 10 रुपये की मिलती है। यह जमीन में पटकर छुड़ाए जाते हैं। इससे बच्चों को कोई खतरा नहीं होता है।
पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी
-पटाखें केवल खुले व सुरक्षित स्थानों पर जलाएं।
-व्यस्कों की निगरानी में लंबी मोमबत्ती या सुरक्षित उपकरण का इस्तेमाल करें।
-गैस सिलिंडर व ज्वलनशील पदार्थों से दूर रहें।
-दीपक, पर्दों, कपड़ों व कागज को दूर रखें।
-कांच की बोतल, बंद डिब्बों, पाइप आदि का प्रयोग न करें।
(जैसा कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष और डीएम धमेंद्र प्रताप सिंह ने बताया)
जलने पर यह करें
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि जले स्थान को लगभग 20 मिनट ठंडे बहते पानी से धोएं। बर्फ, टूथपेस्ट, तेल या घी नहीं लगाएं। आंख में कण जाएं तो रगड़े नहीं, तुरंत चिकित्सक को दिखाएं। बताया कि मेडिकल कॉलेज में दीपावली पर मरीजों के लिए बेड आरक्षित कर दिए गए हैं।
आपातकालीन नंबर
- अग्निशमन केंद्र सदर 9454418523
- अग्निशमन केंद्र कटरा 9454418524
- अग्निशमन केंद्र पुवायां 9454418525
- अग्निशमन केंद्र जलालाबाद 9454418527
- अग्निशमन केंद्र कलान 9454418526
आतिशबाजी की खरीदारी में अपने छोटे भाई को हैंड गन दिखाता बच्चा। संवाद